फिल्म इंडस्ट्री में ऐसा बहुत कम होता है जब कलाकार अपनी ही फिल्मों से आगे निकलकर किसी दूसरे अभिनेता के काम को दिल से सेलिब्रेट करें। ‘डिगर’ की एक खास स्क्रीनिंग के दौरान कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर और अभिनेत्री शीना चौहान की मुलाकात हुई। दोनों ने साथ में टॉम क्रूज़ की इस नई फिल्म को देखा और उसके बाद जो प्रतिक्रिया दी, वह सिनेमा के प्रति उनके प्यार को दिखाती है।

अनिल कपूर, जो खुद ‘मिशन: इम्पॉसिबल - घोस्ट प्रोटोकॉल’ में टॉम क्रूज़ के साथ काम कर चुके हैं, फिल्म से काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने कहा कि यह फिल्म पागलपन की हद तक शानदार और ब्रिलियंट है और इसे ऑस्कर मिलना ही चाहिए। वहीं शीना चौहान ने ‘डिगर’ को एक वाइल्ड और नॉन-स्टॉप राइड बताया, जिसमें ड्रामा, कॉमेडी और ऐसे ट्विस्ट हैं जिनकी उम्मीद नहीं की जा सकती। शीना ने खास तौर पर टॉम क्रूज़ के किरदार की तारीफ की। उनके मुताबिक उस किरदार में इंटेंसिटी, संयम और इंसानियत का ऐसा संगम है जो बहुत कम देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि टॉम की सबसे बड़ी खूबी यही है कि वह बड़े ग्लोबल स्टार होने के बावजूद पर्दे पर सिर्फ किरदार बनकर दिखते हैं, स्टारडम कहीं पीछे छूट जाता है। शीना को यह भी पसंद आया कि फिल्म ने क्लाइमेट चेंज जैसे बेहद जरूरी विषय को कहानी में बहुत खूबसूरती से पिरोया है।
इस पूरी मुलाकात को एक फुल-सर्कल मोमेंट भी कहा जा रहा है। साल 2011 में जब ‘मिशन: इम्पॉसिबल - घोस्ट प्रोटोकॉल’ की स्क्रीनिंग मुंबई में हुई थी, तब टॉम क्रूज़ ने शीना चौहान को व्यक्तिगत तौर पर आमंत्रित किया था, उसी फिल्म में अनिल कपूर भी थे। सालों बाद ‘डिगर’ की स्क्रीनिंग पर अनिल और शीना का फिर से मिलना और टॉम के काम की तारीफ करना सिनेमा के इसी आपसी सम्मान को दर्शाता है। वर्क फ्रंट पर अनिल कपूर इन दिनों बड़े पर्दे के साथ-साथ ओटीटी पर भी लगातार एक्टिव हैं, जबकि शीना चौहान हाल ही में ‘संत तुकाराम’ में नजर आई थीं और अब अपनी अगली तेलुगु थ्रिलर ‘जातस्य मरणं ध्रुवम्’ की तैयारी में हैं।