91255 06666   |   Registration   |   Login

75 हार्ड के बाद अब 118 हार्ड, अलाया एफ का नया फिटनेस मंत्र

75 हार्ड के बाद अब 118 हार्ड, अलाया एफ का नया फिटनेस मंत्र

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री अलाया एफ का फिटनेस के प्रति जुनून किसी से छिपा नहीं है। 75 हार्ड फिटनेस चैलेंज के कई राउंड पूरे करने के बाद अब अभिनेत्री ने खुद को एक बड़े लक्ष्य के लिए तैयार किया है, जिसे उन्होंने 118 हार्ड का नाम दिया है। 

अलाया ने इस नए चैलेंज के पीछे की वजह बताते हुए कहा, "पिछली तीन बार जब मैंने यह चैलेंज किया, तो हिसाब लगाने पर पता चला कि यह पूरे एक साल से 118 दिन कम था, इसलिए इस बार मैंने यही नंबर चुना।"

अभिनेत्री का कहना है कि पहली बार चैलेंज करने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई और तभी से उन्हें इसकी लत लग गई है। अलाया कहती हैं, "पहली बार जब मैंने इसे किया, तो इसने मेरी जिंदगी पूरी तरह बदल दी। और उसके बाद मुझे इसकी लत लग गई है। मैं बस उत्सुक हूं कि यह मेरे लिए और क्या कर सकता है, इसलिए मैं इसे बार-बार करती रहती हूं।"

अलाया बताती हैं कि उनकी इस लगन ने कई लोगों को भी यह चैलेंज अपनाने के लिए प्रेरित किया है, जो उन्हें और अधिक करने के लिए प्रोत्साहित करता है। हालांकि त्योहारों के मौसम में खुद को अनुशासित रखना सबसे बड़ी चुनौती होती है। 

उन्होंने कहा, "पहली बार यह चैलेंज नए साल पर पड़ा था। दूसरी बार यह सामान्य समय में था और तीसरी बार दिवाली और शादी के सीजन में। यह पहली बार है जब मैं इसे ऐसे समय में कर रही हूं जब इसमें सारे त्योहार, शादियों का सीजन और मेरा जन्मदिन भी शामिल होगा।"

अलाया के अनुसार सबसे ज्यादा लुभावने समय में ही आदतों को बनाना सबसे जरूरी है, क्योंकि आमतौर पर लोग इसी दौरान अपनी दिनचर्या से भटक जाते हैं। तटस्थ समय में अनुशासित रहना आसान होता है, लेकिन मुश्किल समय में यह मानसिक दृढ़ता को मजबूत बनाता है।

इस चैलेंज से होने वाले बदलावों पर अलाया ने कहा कि इस तरह के प्रोग्राम से उन्हें अपार मानसिक स्पष्टता मिलती है, उनकी अंतर्ज्ञान शक्ति मजबूत होती है और वे बेहतर निर्णय ले पाती हैं। 

फिल्म श्रीकांत को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर अलाया ने खुशी जताते हुए कहा कि यह फिल्म उनके लिए बेहद खास अनुभव था और इस सम्मान को अपनी फिल्मोग्राफी में पाकर वह गौरवान्वित हैं।