91255 06666   |   Registration   |   Login

‘वंदे मातरम्’ विवाद में कूदे ऋतिक रोशन और अभय देओल

‘वंदे मातरम्’ विवाद में कूदे ऋतिक रोशन और अभय देओल

मुंबई। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज की कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दी गई ‘वंदे मातरम्’ गाने की चुनौती पर अभिनेता ऋतिक रोशन और अभय देओल की प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर चर्चा में है। दोनों अभिनेताओं ने सीधे तौर पर किसी राजनीतिक दल या नेता का समर्थन नहीं किया, लेकिन उनकी प्रतिक्रियाओं को सांसद की टिप्पणी पर हैरानी और व्यंग्य के तौर पर देखा जा रहा है।
दरअसल, अगस्त में पुणे में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी ने महिलाओं से पितृसत्तात्मक सोच के खिलाफ आवाज उठाने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा था कि पितृसत्ता महिलाओं को डराती, नियंत्रित करती और उनकी स्वतंत्रता सीमित करती है। राहुल के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बांसुरी स्वराज ने कहा था कि यदि वह वास्तव में पितृसत्ता खत्म करना चाहते हैं तो उन्हें ‘वंदे मातरम्’ के सभी अंतरों का पाठ करना चाहिए।
कांग्रेस की सोशल मीडिया एवं डिजिटल कम्युनिकेशन की राष्ट्रीय संयोजक रुचिरा चतुर्वेदी ने बांसुरी स्वराज का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए सवाल उठाया कि पितृसत्ता खत्म करने और ‘वंदे मातरम्’ गाने का आपस में क्या संबंध है। इसी पोस्ट पर ऋतिक रोशन ने लिखा, “हं? क्या यह सच में है? वॉव।” उनके इस कमेंट के बाद प्रशंसकों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं की प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
इसके बाद अभिनेता अभय देओल ने पोस्ट के कमेंट सेक्शन में हंसने वाली तीन इमोजी साझा कीं। अभिनेत्री फातिमा सना शेख और अलाया एफ ने भी प्रतिक्रिया दी। इस पूरे विवाद ने महिला अधिकारों, राष्ट्रवाद और राजनीतिक बयानबाजी के बीच संबंध को लेकर नई बहस छेड़ दी है। विशेषज्ञों के अनुसार, कलाकारों की टिप्पणियां इस बात का संकेत हैं कि सोशल मीडिया पर राजनीतिक मुद्दों की भाषा और तर्क अब मनोरंजन जगत का भी ध्यान खींच रहे हैं।