गांधी जयंती के मौके पर निर्देशक जोड़ी अब्बास-मस्तान ने अपनी आगामी फिल्म ‘3 मंकीज़’ का ऐलान करते हुए पारंपरिक ‘तीन बंदरों’ की अवधारणा को 2026 के जेन-ज़ी अंदाज़ में पेश किया है। फिल्म 4 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म के मोशन पोस्टर में पारंपरिक “बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो, बुरा मत बोलो” वाले संदेश को एकदम नए रूप में दिखाया गया है। अब्बास-मस्तान ने इसे जेन-ज़ी की आज़ादी, आत्मविश्वास और बेबाक सोच से जोड़ते हुए नया मंत्र दिया है: “सब देखो। अपनी सुनो। बेख़ौफ़ बोलो।”
मोशन पोस्टर में तीन मुख्य किरदार अमर, अकबर और एंथनी पेश किए गए हैं, जो नकाब पहने, हथियारों के साथ और खतरनाक हालात में भी मस्ती करते नजर आ रहे हैं। विशाल जेठवा अमर, मुस्तफा बर्मावाला अकबर और तेनजिन दल्हा एंथनी के किरदार में दिखाई देंगे। अब्बास-मस्तान ने कहा कि उनके 3 मंकीज़ शरारती और अप्रत्याशित हैं और खतरनाक स्थिति में भी मज़ा लेते नजर आते हैं, लेकिन फिल्म में जो दिखता है वह पूरी सच्चाई नहीं हो सकती।
अर्जुन रामपाल फिल्म में संजय के किरदार में नजर आएंगे, जो कहानी में एक नया रहस्य जोड़ते हैं। पोस्टर में वे भी हथियारबंद दिखाई दे रहे हैं, लेकिन यह अभी स्पष्ट नहीं है कि वे 3 मंकीज़ के साथ हैं या उनके खिलाफ।
फिल्म में अर्जुन रामपाल, विशाल जेठवा, मुस्तफा बर्मावाला, तेनजिन दल्हा और मुस्तफा अली मुख्य भूमिकाओं में हैं। निर्देशन अब्बास-मस्तान ने किया है, जबकि निर्माण अल्लारखा वोहरा, फारुक वोहरा और सईद वोहरा ने एजे फिल्म एंटरटेनमेंट वर्ल्ड के बैनर तले किया है। ‘3 मंकीज़’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
