जान्हवी कपूर ने पेरिस में आयोजित बीओएफ 500 गाला में भारतीय शिल्प और डिजाइन की खूबसूरती को ग्लोबल फैशन मंच पर पेश किया है। इस खास मौके पर वह पंकज एस हेरिटेज के कस्टम आउटफिट में नजर आईं, जिसे रिया कपूर ने स्टाइल किया था। ऑफ-व्हाइट रंग के इस खूबसूरत लुक में पारंपरिक छह गज की साड़ी के सिल्हूट को एक मॉडर्न अंदाज में पेश किया गया था। लो-स्लंग ड्रेप, खुले कंधे और जमीन तक जाती एलिगेंट पल्लू ने उनके लुक को बेहद खास बना दिया।

460-काउंट बंगाल मलमल से तैयार इस आउटफिट ने भारतीय टेक्सटाइल की खूबसूरती को सेलिब्रेट किया, वहीं इसका लुक पूरी तरह मॉडर्न और ग्लोबल रखा गया था। सिंपल आइवरी बेस के साथ गोल्ड बीड्स, मोतियों, सीपियों, पन्नों, पोल्की और टैसल्स से तैयार किया गया शानदार हैंडक्राफ्टेड अडॉर्नमेंट उनके लुक का सबसे खास हिस्सा रहा। कंधे से लेकर बांह तक नजर आ रही यह ज्वेलरी डिटेलिंग पूरे लुक को ड्रामेटिक और ग्लैमरस टच दे रही थी। गौरतलब है कि पेरिस फैशन वीक के सबसे प्रभावशाली फैशन आयोजनों में शामिल बीओएफ 500 गाला में जान्हवी का यह लुक विरासत और आधुनिक ग्लोबल ग्लैमर का खूबसूरत संतुलन नजर आया। अपने इस अंदाज के जरिए उन्होंने भारतीय डिजाइन, टेक्सटाइल आर्ट और बेहतरीन कारीगरी को अंतरराष्ट्रीय फैशन मंच पर खास पहचान दिलाई है।