हिमांशु राज
दर्शन रावल इन दिनों कमाल के फॉर्म में हैं। 9 मई 2026 को उन्होंने अपना नया ट्रैक ‘ओनली माइन’ लॉन्च कर दिया, जो एक बेहद पैशनेट लव सॉन्ग है। यह गीत उस प्यार की गहराई को उकेरता है जो इतना बांध लेता है कि हर सांस, हर विचार और हर धड़कन में बस जाता है। दर्शन ने खुद गाया और संगीत दिया है, जबकि बोल सिद्धार्थ अमित भवसर और यंगवीर के सहयोग से लिखे गए। मिर देसाई ने म्यूजिक प्रोडक्शन व अरेंजमेंट संभाला। दर्शन ने गाने के बारे में बताया कि यह उनके रूटीन सॉन्ग्स से बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा, “यह एक्सपेरिमेंटल और बेहद भावुक गीत है। मैंने मेलोडी बनाई और मिर देसाई को सुनाई। उन्हें बहुत पसंद आया, फिर हमने सब कुछ लाइव रिकॉर्ड करने का फैसला किया। स्ट्रिंग्स और ड्रम्स भी स्टूडियो में लाइव ही रिकॉर्ड हुए।” गाने में कच्ची भावनाएं, शांत कमजोरी और समर्पण का खूबसूरत अराजकता साफ झलकती है। पुणे में 10 मई को होने वाले ‘साउंड ऑफ लव’ लाइव कॉन्सर्ट के लिए दर्शन ने फैंस से खास अपील की। उन्होंने कहा, “जो पुणे आ रहे हैं, मैं ‘ओनली माइन’ लाइव गाऊंगा। आप तैयार होकर आइए और मेरे साथ गाइए। हम इस गाने पर बहुत गर्व करते हैं, चाहे दर्शकों की प्रतिक्रिया कैसी भी हो। मुझे यकीन है कि आपको यह पसंद आएगा।” बोलों की तीव्रता दुर्लभ, शाश्वत और अनंत बंधन का एहसास दिलाती है। दर्शन रावल हमेशा से रोमांटिक गीतों से दिल जीतते आए हैं। ‘ओनली माइन’ भी दर्शकों को फिर से गुनगुनाने पर मजबूर कर देगा। यह न सिर्फ गाना है, बल्कि अनंत प्रेम का उत्सव है। पुणे कॉन्सर्ट में स्टेज सजने को तैयार है, फैंस बेताब हैं।