देहरादून। परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुप्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया। उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत वर्ष 2025 के लिए चयनित हेमंत पांडे को उत्तराखंडी सिनेमा एवं कला जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया। उन्हें ₹2 लाख की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
अभिनेता हेमंत पांडे ने अपने अभिनय के माध्यम से उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है तथा भारतीय फिल्म एवं मनोरंजन जगत में विशिष्ट पहचान बनाई है। उनके अभिनय ने क्षेत्रीय सिनेमा को नई पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी उपस्थिति और प्रतिभा ने उत्तराखंडी कलाकारों के लिए राष्ट्रीय मंचों पर सम्मान का मार्ग प्रशस्त किया है। उनके योगदान को राज्य सरकार द्वारा प्रदान किया गया यह पुरस्कार अत्यंत सार्थक माना जा रहा है।
राज्य सरकार उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, क्षेत्रीय सिनेमा एवं कला जगत को प्रोत्साहित करने तथा इस क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार प्रदान कर रही है। इस पहल से कला, संस्कृति और सिनेमा के क्षेत्र में कार्य करने वाली प्रतिभाओं को नई प्रेरणा मिलेगी तथा प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती मिलेगी।
