हिमांशु राज़
फिल्म बॉलीवुड की उभरती प्रतिभाओं में 25 वर्षीय सुष्मिता सिंह अब दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में शामिल कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपना डेब्यू करने जा रही हैं। उनकी फिल्म बॉम्बे स्टोरीज का प्रीमियर कान्स में होगा, जिसे लेकर भारतीय सिनेमा जगत में उत्साह का माहौल है।
सुष्मिता के लिए यह सिर्फ रेड कार्पेट तक पहुंचने की कहानी नहीं, बल्कि संघर्ष, मेहनत और खुद पर भरोसे की जीत है। मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत करने वाली सुष्मिता ने 2019 में मिस टीन वर्ल्ड 2019 का खिताब जीतकर इतिहास रचा था। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय और एशियाई महिला बनी थीं। इसके बाद उन्होंने मिस यूनाइटेड कॉन्टिनेंट्स 2022 में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। धीरे-धीरे उन्होंने म्यूजिक वीडियो, विज्ञापनों और एक्टिंग प्रोजेक्ट्स के जरिए इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई। इस दौरान उन्होंने दिलजीत दोसांझ, सलीम मर्चेंट, विशाल मिश्रा और निंजा जैसे कलाकारों के साथ काम किया। फिल्म बॉम्बे स्टोरीज मशहूर लेखक सआदत हसन मंटो की कहानियों से प्रेरित बताई जा रही है। मुंबई की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म महिलाओं की जिंदगी और उनके संघर्षों को अलग-अलग कहानियों के जरिए दिखाती है।
फिल्म में सुष्मिता एक 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा का किरदार निभा रही हैं, जिसकी जिंदगी एक दर्दनाक घटना के बाद पूरी तरह बदल जाती है। बताया जा रहा है कि उनका किरदार फिल्म की भावनात्मक धुरी है। फिल्म में मौनी रॉय और अनुप्रिया गोएंका भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। कान्स फिल्म फेस्टिवल में 19 मई को फिल्म का प्रीमियर होगा, 20 मई को पोस्टर लॉन्च किया जाएगा और 21 मई को सुष्मिता रेड कार्पेट पर अपना डेब्यू करेंगी। इसी बीच सुष्मिता अपने पहले तेलुगु प्रोजेक्ट की शूटिंग भी कर रही हैं, जिसमें वह अभिनेता रवि तेजा के बेटे माधव के साथ नजर आएंगी। कम उम्र में मॉडलिंग से फिल्मों तक और अब कान्स के मंच तक पहुंची सुष्मिता सिंह की यह यात्रा इस बात का उदाहरण है कि मेहनत और लगन आखिरकार अपनी पहचान बना ही लेती है।