91255 06666   |   Registration   |   Login

तुषार कपूर को लॉरेंस गैंग के नाम पर पांच करोड़ की धमकी

तुषार कपूर को लॉरेंस गैंग के नाम पर पांच करोड़ की धमकी

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को कथित तौर पर एक फोन कॉल के जरिए 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने की धमकी मिली है। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य ‘हैरी बॉक्सर’ बताया। धमकी मिलने के बाद अभिनेता ने बिना देर किए मुंबई पुलिस को इसकी शिकायत की, जिसके बाद मामले की जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, तुषार कपूर को करीब एक हफ्ते पहले एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले ने अपनी पहचान हैरी बॉक्सर के रूप में की और अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। इस घटना से बॉलीवुड में एक बार फिर सेलिब्रिटी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इससे पहले भी कई फिल्मी हस्तियों को ऐसी धमकियां मिलने की खबरें सामने आ चुकी हैं।
मुंबई क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच शुरू की और उस आवाज का मिलान अपने डेटाबेस में मौजूद हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों आवाजों में मेल नहीं मिला। इससे पुलिस को शक है कि यह कॉल फर्जी हो सकती है और किसी ने डर पैदा कर फिरौती वसूलने के लिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल किया हो।
पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसने धमकी भरी ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी थी। फिलहाल इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है और जांच एजेंसियां कॉल के स्रोत, नंबर तथा ऑडियो की तकनीकी जांच कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि हैरी बॉक्सर का नाम पहले भी फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी और अभिनेता रणवीर सिंह को भेजी गई धमकियों से जुड़ा सामने आया था। इस घटना के बाद पुलिस बॉलीवुड हस्तियों की सुरक्षा और धमकी देने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की तैयारी में है।