91255 06666   |   Registration   |   Login

दलेर मेहंदी विवाद: मंत्री उनियाल बोले, माफी नहीं, इस्तीफा देना पसंद

दलेर मेहंदी विवाद: मंत्री उनियाल बोले, माफी नहीं, इस्तीफा देना पसंद

देहरादून। उत्तराखंड के एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी की मंच पर आलोचना को लेकर विवाद अब भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में राज्य सरकार के मंत्री सुबोध उनियाल ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि वे दलेर मेहंदी से माफी नहीं मांगेंगे, भले ही इसके लिए उन्हें अपना पद छोड़ना पड़े। देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद माना जा रहा है कि विवाद एक बार फिर तूल पकड़ सकता है।
मंत्री सुबोध उनियाल ने अपने संबोधन में कहा, “किसी ने कहा कि अगर आपको हाईकमान कहेगा तो आपको माफी मांगनी पड़ेगी? इस पर मैंने कहा कि मैं इस्तीफा देना पसंद करूंगा, लेकिन माफी नहीं मांगूंगा।” उन्होंने आगे कहा कि जीवन में सबसे महत्वपूर्ण चीज आत्मसम्मान है और वे इससे किसी भी हालत में समझौता नहीं करेंगे।
बताया जाता है कि यह विवाद 18 अक्टूबर को टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या के दौरान शुरू हुआ था। उस समय दलेर मेहंदी मंच पर प्रस्तुति दे रहे थे। कथित तौर पर उनकी आवाज लड़खड़ाने पर नाराज मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उनकी खुलकर आलोचना की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से फैल गया, जिसके बाद बॉलीवुड के कई कलाकारों ने दलेर मेहंदी के समर्थन में आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि गायक की तबीयत ठीक नहीं होने के बावजूद वे प्रदर्शन के लिए मंच पर आए थे।
इस बीच दलेर मेहंदी के भाई और गायक मीका सिंह भी मामले में सक्रिय हो गए थे। उन्होंने मंत्री सुबोध उनियाल से माफी मांगने की मांग की थी। हाल ही में मीका सिंह की टीम ने दावा किया था कि मंत्री ने फोन पर दलेर मेहंदी से माफी मांग ली है। हालांकि, सुबोध उनियाल ने इस दावे को साफ तौर पर खारिज कर दिया है और कहा है कि उन्होंने कोई गलती नहीं की, इसलिए माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं उठता।
मंत्री के ताजा बयान के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह विवाद आगे और बढ़ेगा। दूसरी ओर, दलेर मेहंदी के समर्थकों का कहना है कि किसी कलाकार के साथ सार्वजनिक मंच पर इस तरह का व्यवहार उचित नहीं था। राजनीतिक गलियारों में भी इस मामले की चर्चा तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस विवाद पर नए बयानों को लेकर और बहस हो सकती है।