91255 06666   |   Registration   |   Login

“रोज इडली-सांभर खाओगी तो मर जाओगी”: पोनी वर्मा ने बताया शादी पर परिवार का मजाक

“रोज इडली-सांभर खाओगी तो मर जाओगी”: पोनी वर्मा ने बताया शादी पर परिवार का मजाक

कोरियोग्राफर पोनी वर्मा ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपने पति, अभिनेता प्रकाश राज के साथ अपने रिश्ते और शादी के फैसले से जुड़ी कई बातें साझा की हैं। उन्होंने बताया कि दोनों की पहली मुलाकात 2003 की तेलुगु फिल्म ‘अम्मा नन्ना ओ तमिल अम्मायी’ के दौरान हुई थी। पहली बार प्रकाश राज को देखकर पोनी को लगा था कि वे कोई बुजुर्ग व्यक्ति हैं, जो व्हीलचेयर पर बैठे हैं। लेकिन कई फिल्मों में साथ काम करने के बाद उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और 2010 में दोनों ने शादी कर ली।
पोनी ने बताया कि जब उन्होंने परिवार को प्रकाश राज से शादी की बात बताई, तो घर में काफी हैरानी और चर्चा हुई। उनके परिवार और दोस्त दक्षिण भारतीय संस्कृति को लेकर अनजान थे और उन्हें इडली-सांभर जैसी बातों पर मजाक भी उड़ाया गया। इसके अलावा, प्रकाश राज उनसे 12 साल बड़े होने की वजह से भी लोगों ने सवाल उठाए। लेकिन पोनी का कहना है कि उन्हें उम्र के इस अंतर से कोई परेशानी नहीं है। उनके अनुसार, प्रकाश राज ही उनकी जिंदगी, संघर्ष और सोच को समझ सकते थे। उन्होंने कहा कि प्रकाश ने उनकी बेचैन जिंदगी में ठहराव लाया और उन्हें आराम से जीना सिखाया।
दोनों की मुलाकात उस दौर में हुई जब पोनी अपनी मां के निधन के दुख से गुजर रही थीं, जबकि प्रकाश राज अपनी पहली पत्नी ललिता कुमारी से तलाक ले रहे थे। प्रकाश राज और ललिता की शादी 1994 में हुई थी। उनकी दो बेटियां, मेघना और पूजा हैं। 2004 में उनके पांच साल के बेटे सिद्धार्थ की पतंग उड़ाते समय गिरने से मौत हो गई थी, जिससे प्रकाश राज गहरे सदमे में चले गए थे। 2009 में दोनों का तलाक हुआ और 2010 में प्रकाश ने पोनी से शादी की। इस शादी से 2015 में उनके बेटे वेदांत का जन्म हुआ।
2024 में प्रकाश राज ने अपने दर्द और नुकसानों पर बात करते हुए कहा था कि दर्द एक निजी चीज है, लेकिन वे अपनी खुशियां बांटना पसंद करते हैं। उनका मानना है कि कुछ घाव शरीर के जख्मों से भी गहरे होते हैं और इंसान को उनके साथ जीना पड़ता है। पोनी और प्रकाश की यह कहानी प्यार, समझ और जीवन के दुखों के बीच साथ चलने की मिसाल है।