91255 06666   |   Registration   |   Login

भुवन बाम की 'ढिंढोरा' और 'ताजा खबर' आईएमडीबी की टॉप लिस्ट में शामिल

भुवन बाम की 'ढिंढोरा' और 'ताजा खबर' आईएमडीबी की टॉप लिस्ट में शामिल

भुवन बाम के करियर में एक और बड़ा पड़ाव जुड़ गया है। उनकी दो सबसे चर्चित सीरीज 'ढिंढोरा' और 'ताजा खबर' ने आईएमडीबी की खास रिपोर्ट '10 इयर्स ऑफ स्ट्रीमिंग इन इंडिया' में जगह बनाई है। यह रिपोर्ट 2016 से 2026 के बीच भारत में स्ट्रीमिंग पर सबसे लोकप्रिय रही सीरीज की सूची है, जिसमें हर साल के टॉप 10 टाइटल शामिल किए गए हैं।

'ढिंढोरा', जिसे भुवन ने 2021 में यूट्यूब पर स्वतंत्र रूप से बनाया था, उस साल की सूची में तीसरे नंबर पर रही। वहीं 'ताजा खबर', जिसमें उन्होंने वास्या का बिल्कुल अलग और गंभीर किरदार निभाया, 2023 में तीसरे स्थान पर रही और 2024 में भी सातवें स्थान पर अपनी जगह बनाए रखी।

भुवन के लिए यह उपलब्धि इसलिए खास है क्योंकि दोनों शो उनके सफर के दो अलग-अलग रंग दिखाते हैं। 'ढिंढोरा' में उनके बीबी की वाइंस के सभी पसंदीदा किरदार एक स्क्रिप्टेड कहानी में एक साथ नजर आए। यह शो उन्होंने शून्य से खड़ा किया था। दूसरी तरफ 'ताजा खबर' में उन्होंने एक अभिनेता के तौर पर खुद को नए सिरे से साबित किया और दर्शकों ने उनके इस अवतार को खूब प्यार दिया।

इस सम्मान पर भुवन ने कहा कि दोनों शो को इस तरह याद किया जाना बेहद खास एहसास है। 'ढिंढोरा' को उन्होंने भरोसे और मेहनत से बनाया था, जबकि 'ताजा खबर' में वास्या को लेकर वे उत्साहित भी थे और नर्वस भी। उन्होंने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम और दर्शकों के प्यार को दिया।

बीबीकेवी प्रोडक्शंस के फाउंडर और सीईओ रोहित राज ने कहा कि असली जीत यही है कि उनकी कहानियां रिलीज के सालों बाद भी दर्शकों को मिल रही हैं। दोनों शो कंपनी के विजन के दो अलग पहलू हैं।

इस बीच 'ढिंढोरा' का पहला सीजन अब नेटफ्लिक्स पर आ चुका है और दूसरे सीजन का इंतजार है, जिसमें पुराने किरदार फिर लौटेंगे। हाल ही में भुवन 'द रेवोल्यूशनरीज' में रास बिहारी बोस की भूमिका में भी नजर आए हैं।