करवा चौथ से पहले फैशन डिजाइनर अंजलि फौगात ने रिश्तों को लंबा चलाने वाली बातों पर बात की। उनका मानना है कि प्यार सिर्फ बड़े तोहफों या रोमांटिक बातों से नहीं बनता। यह रोज़ के विश्वास, सम्मान और समझ से बनता है।
अंजलि के अनुसार अच्छा जीवनसाथी वह है, जो भावनात्मक रूप से साथ खड़ा रहे, सम्मान दे और भरोसेमंद हो। उन्होंने कहा कि रिश्ते में दोनों को सुना और समझा जाना चाहिए। साथ ही, दोनों को अपनी पहचान बनाए रखने और आगे बढ़ने की आजादी भी मिलनी चाहिए। उनके लिए अच्छा रिश्ता एक-दूसरे पर कब्जा करना नहीं, बल्कि आपसी सम्मान है।
उन्होंने कहा कि लोग समय के साथ बदलते रहते हैं। इसलिए सालों बाद भी जीवनसाथी को जानने और समझने की कोशिश जारी रखनी चाहिए। उनके बदलते सपनों, डरों और इच्छाओं पर ध्यान देना रिश्ते को जीवंत रखता है। अगर हम एक-दूसरे के बारे में जिज्ञासा नहीं रखते, तो आदत धीरे-धीरे लापरवाही बन जाती है।
अंजलि को लगता है कि ‘परफेक्ट रिश्ता’ की सोच अक्सर दबाव बना देती है। उनके अनुसार कोई भी रिश्ता मुश्किलों से खाली नहीं होता। असली रिश्ता वह है, जिसमें दोनों लोग शांति, दया और जिम्मेदारी के साथ मुश्किलों का सामना करते हैं। ईमानदार बातचीत, झगड़ा सुलझाने की कोशिश और गलती मानने की हिम्मत रिश्ते को मजबूत बनाती है।
व्यस्त जीवन में समय निकालने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि समय हमेशा कम हो सकता है, लेकिन ध्यान देना सच्चा हो सकता है। साथी की पसंद की चाय बनाना, कठिन दिन के बाद हाल पूछना, बिना तुरंत सलाह दिए सुनना या जब दूसरा थका हो तो उसका बोझ बांट लेना—ये छोटे-छोटे काम प्यार जताने का सबसे अच्छा तरीका हैं।
अंजलि ने युवाओं कों यह सलाह दी कि किसी से प्यार करते हुए अपनी अलग पहचान न खोएं। उनके अनुसार अच्छा रिश्ता जिंदगी को बड़ा बनाता है, छोटा नहीं। उनका मानना है कि सच्चा प्यार बड़े वादों में नहीं, बल्कि रोज़ दूसरे की जिंदगी को थोड़ा आसान बनाने की कोशिश में बसता है।
