91255 06666   |   Registration   |   Login

‘विष्णूबाळा’ में नजर आएंगे सयाजी शिंदे और सिद्धार्थ शिंदे

‘विष्णूबाळा’ में नजर आएंगे सयाजी शिंदे और सिद्धार्थ शिंदे

मराठी, हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता सयाजी शिंदे के बेटे सिद्धार्थ सयाजी शिंदे अब मराठी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने जा रहे हैं। आगामी मराठी फिल्म ‘विष्णूबाळा’ से यह बाप-बेटे की जोड़ी रुपरी परदे पर एक साथ काम करेगी। पिता के कदमों पर चलते हुए सिद्धार्थ अभिनय की दुनिया में अपनी शुरुआत करेंगे।
‘विष्णूबाळा’ में सिद्धार्थ एक अहम भूमिका में दिखाई देंगे। उन्होंने बताया कि कॉलेज के दिनों से ही उन्हें अभिनय के क्षेत्र की ओर खिंचाव था। काम शुरू करने से पहले उन्होंने अभिनय की नियमित ट्रेनिंग भी ली। उनका इरादा अपने करियर की शुरुआत मराठी फिल्म से करने का था और इस फिल्म के जरिए उनके डेब्यू तथा पिता के साथ काम करने का सुखद संयोग एक साथ पूरा हुआ है।
सिद्धार्थ के इस पहले कदम से सयाजी शिंदे के फैंस में भी उत्साह बढ़ गया है। दोनों ने कहा कि इस फिल्म के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करना उनके लिए खुशी की बात है। बाप-बेटे की यह जोड़ी एक साथ परदे पर दिखना दर्शकों के लिए खास अनुभव होगा।
‘विष्णूबाळा’ एक सच्ची घटना पर आधारित है। इसमें महाराष्ट्र के सातारा जिले के तांबवे गांव के विष्णू बाळा पाटील के संघर्षमय जीवन की कहानी दिखाई जाएगी। रक्तरंजित संघर्ष के नायक विष्णूबाळा की केंद्रीय भूमिका सयाजी शिंदे निभाएंगे।
फिल्म की पटकथा अरविंद जगताप ने लिखी है, जबकि निर्देशन ‘रावरंभा’ से पहचान बनाने वाले अनुप जगदाळे संभाल रहे हैं। शिव समर्थ फिल्म प्रोडक्शन और सिनेमैटिक सफारी फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले फिल्म का निर्माण हो रहा है। सचिन क्षीरसागर सह-निर्माता हैं, जबकि आदित्य गायकवाड़ कार्यकारी निर्माता हैं।
‘विष्णूबाळा’ केवल मराठी में ही नहीं, बल्कि हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में भी प्रदर्शित होगी। मराठी और हिंदी सिनेमा के कई कलाकारों की टीम इस भव्य फिल्म में शामिल होने से दर्शकों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
सयाजी शिंदे ने अपनी अलग पहचान वाली अदाकारी से मराठी के साथ हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी अपनी जगह बनाई है। अब उनके बेटे के डेब्यू के साथ बाप-बेटे की यह खास जोड़ी परदे पर एक साथ दिखेगी।