अभिनेत्री निर्मित कौर अहलूवालिया अपने करियर के एक नए दौर में कदम रखती नज़र आ रही हैं। हाल ही में उनकी इंस्टाग्राम पोस्ट से उनके नए प्रोजेक्ट की शुरुआत के संकेत मिले हैं। हालांकि, अभिनेत्री ने अभी तक इस प्रोजेक्ट से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन उनकी सोशल मीडिया पोस्ट ने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। फैंस उनकी पोस्ट को गुजरात से जोड़कर देख रहे हैं और उनके नए सफर के लिए उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, निर्मित अक्टूबर के मध्य में अपने आने वाले प्रोजेक्ट की शूटिंग शुरू करने के लिए गुजरात पहुंची थीं। उनकी हालिया पोस्ट के बाद इस नए प्रोजेक्ट को लेकर चर्चाएं और तेज़ हो गई हैं। फैंस अब इसकी आधिकारिक घोषणा का इंतज़ार कर रहे हैं। फिलहाल, प्रोजेक्ट से जुड़ी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन ऐसा लग रहा है कि अभिनेत्री ने अपने करियर के अगले पड़ाव की शुरुआत कर दी है।
कुछ दिन पहले निर्मित ने एक गुरुद्वारे से अपनी स्क्रिप्ट की झलक साझा की थी। इस पोस्ट में उन्होंने इस नए मौके के लिए वाहेगुरु का शुक्रिया अदा किया। उनकी इस भावुक पोस्ट से पता चला कि वह अपने नए काम की शुरुआत को लेकर कितनी खास भावना रखती हैं। फैंस को भी उनका यह अंदाज पसंद आया और वे उन्हें शुभकामनाएं देने के साथ उनकी नई भूमिका देखने का इंतजार कर रहे हैं।
अपनी सीरीज़ अब होगा हिसाब के बाद से निर्मित काम के मोर्चे पर लगातार व्यस्त हैं। उनकी दो फिल्में पहले से ही आने वाली हैं। इनमें से एक फिल्म की घोषणा हो चुकी है, जिसमें वह परमब्रत चट्टोपाध्याय और जिमी शेरगिल के साथ नजर आएंगी। वहीं, उनकी दूसरी फिल्म से जुड़ी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
इन प्रोजेक्ट्स के साथ निर्मित अपने अभिनय के सफर को अलग-अलग भूमिकाओं के ज़रिए आगे बढ़ाती नज़र आ रही हैं। वह ऐसे किरदार चुनना चाहती हैं, जिनसे उन्हें अपनी अभिनय क्षमता के अलग-अलग पहलुओं को दिखाने का मौका मिले। उनका मकसद दर्शकों को अपने अभिनय के नए रंगों से परिचित कराना है। ऐसे में गुजरात जाना उनके इस सफर में एक नए प्रोजेक्ट की शुरुआत का संकेत देता है।
इस बारे में जानकारी देते हुए एक करीबी सूत्र ने बताया, “निर्मित अपने अगले प्रोजेक्ट के लिए सही मौके की तलाश में थीं। वह लगातार ऑडिशन दे रही थीं, वर्कशॉप में हिस्सा ले रही थीं और अपने किरदारों की तैयारी कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने दो प्रोजेक्ट्स की शूटिंग भी पूरी की है और अब अपने नए काम की शुरुआत करने के लिए गुजरात में हैं। वह इस नए मौके को लेकर काफी उत्साहित हैं और जल्द काम शुरू करने का इंतज़ार कर रही हैं। फिलहाल, प्रोजेक्ट से जुड़ी जानकारी गुप्त रखी गई है। सही समय आने पर इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी।”
अपनी आने वाली फिल्मों और नए प्रोजेक्ट के साथ निर्मित के करियर में काफी व्यस्तता नज़र आ रही है। जहां फैंस उनके नए काम से जुड़ी जानकारी का इंतज़ार कर रहे हैं, वहीं उनकी हालिया सोशल मीडिया पोस्ट ने इस उत्सुकता को और बढ़ा दिया है कि वह पर्दे पर अपने अगले किरदार में किस नए अंदाज में नज़र आएंगी।