कान 2026: ऐश्वर्या की अनुपस्थिति ने लॉरियल पर भड़काया फैंस का गुस्सा

14 मई 2026
कान 2026: ऐश्वर्या की अनुपस्थिति ने लॉरियल पर भड़काया फैंस का गुस्सा

हिमांशु राज़ 

कान फिल्म फेस्टिवल से करीब दो दशक पुराना नाता जोड़ने वाली ऐश्वर्या राय बच्चन इस बार चर्चा के केंद्र में हैं, लेकिन गलत वजह से। 'देवदास' प्रीमियर के साथ अपनी कान यात्रा शुरू करने वालीं ऐश्वर्या लंबे समय से लॉरियल पेरिस की ग्लोबल एंबैसडर रहीं, जो हर साल फेस्टिवल में चमकती नजर आतीं। लेकिन 2026 में कांस के ला मार्टिनेज होटल पर ब्रांड के भव्य पोस्टरों में उनकी तस्वीर गायब दिखी, जिससे फैंस में निराशा और आक्रोश फैल गया।
होटल के विशाल बैनर पर छह एंबैसडरों की तस्वीरें सजीं—आलिया भट्ट, वियोला डेविस, ईवा लोंगोरिया, हेलेन मिरेन, जेन फोंडा और हाइडी क्लम। आलिया को देख कुछ फैंस खुश हुए, लेकिन ऐश्वर्या की गैर-मौजूदगी ने बहस छेड़ दी। सोशल मीडिया पर सवालों की बौछार हुई—'ऐश्वर्या कहां हैं?', 'वो हमारी कान क्वीन हैं!', 'ऐश्वर्या के बिना ये ब्रांड ही नहीं जानते हम।' एक फैन ने तो ब्रांड के 'खत्म' होने की प्रार्थना तक कर डाली, जबकि दूसरे ने तंज कसा कि ऐश्वर्या ने एशिया में ब्रांड को स्टार बनाया, लेकिन नई-नई एंबैसडर को तरजीह दी गई।
फैंस का गुस्सा भड़कते देख लॉरियल ने आखिरकार अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर सफाई दी। हालांकि ब्रांड ने स्पष्ट जवाब में ऐश्वर्या का जिक्र किया या नहीं, ये सस्पेंस बना हुआ है। कान के इस पोस्टर विवाद ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बॉलीवुड की 'कान क्वीन' के फैंस कितने वफादार हैं।