91255 06666   |   Registration   |   Login

'सूरज बड़जात्या के साथ काम करना सपने जैसा अनुभव'- सौम्या टंडन

'सूरज बड़जात्या के साथ काम करना सपने जैसा अनुभव'- सौम्या टंडन

मुंबई। अभिनेत्री सौम्या टंडन ने सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ को लेकर फिल्म्सवार्ता के लिए 'हिमांशु राज़' से अपने भावुक अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने कहा कि बड़जात्या के साथ काम करना किसी भी कलाकार के लिए सपने जैसा अवसर है और यह अनुभव उन्होंने बेहद चेरिश किया है।
सौम्या ने बताया कि बचपन से ही सूरज बड़जात्या उनके लिए एक प्रतिष्ठित फिल्म निर्देशक रहे हैं। उनके परिवार के साथ उज्जैन में रहने वाले सेठी परिवार की बेटी उनकी सहपाठी थी, जो अक्सर कहती थी कि सौम्या बड़ी होकर सूरज जी की फिल्मों में काम करेंगी। सौम्या ने कहा कि शायद वह बात आज सच हो गई है।
उन्होंने कहा कि ‘मैंने प्यार किया’ और ‘हम आपके हैं कौन’ जैसी फिल्में परिवार के साथ देखी जाती थीं। सूरज बड़जात्या को वे बेहद सभ्य , विनम्र और सहज व्यक्ति बताती हैं। उनके अनुसार राजश्री का पूरा सेट परिवार जैसा माहौल रखता है, जहां हर कलाकार को सम्मान और आत्मीयता मिलती है।
सौम्या ने बताया कि सूरज बड़जात्या स्वयं हर कलाकार की वैन में जाकर दृश्य समझाते हैं, चाहे उस दृश्य में डायलॉग हो या नहीं। उनके अनुसार इतने बड़े और आइकॉनिक निर्देशक होने के बावजूद उनकी विनम्रता और जमीन से जुड़ाव प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि फिल्म की सफलता का अनुमान कलाकार नहीं लगा सकते, लेकिन इतने लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री में रहकर सूरज बड़जात्या के साथ काम करना अपने आप में एक उपलब्धि है।
‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ मुख्य भूमिका में हैं, जबकि अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा और सौम्या टंडन भी अहम किरदार निभा रही हैं। फिल्म राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बन रही है और 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।