91255 06666   |   Registration   |   Login

पैरोडी से अभिनय की ओर पुरव झा, ‘चार यार’ से करेंगे शुरुआत

पैरोडी से अभिनय की ओर पुरव झा, ‘चार यार’ से करेंगे शुरुआत

पैरोडी वीडियो से पहचान बनाने वाले पुरव झा अब अभिनय की दुनिया में नई शुरुआत करने जा रहे हैं। प्राइम वीडियो की आगामी ड्रामा सीरीज ‘चार यार’ में वह साहिल शेख की भूमिका निभाएंगे। विनय वाइकुल निर्देशित आठ एपिसोड की यह सीरीज 23 अक्टूबर से प्रसारित होगी।
गेमिंगकॉन भारत में पुरव ने बताया कि अभिनेता बनना उनका पुराना सपना रहा है। उन्होंने कहा, “अब तक लोग मुझे पैरोडी वीडियो के लिए जानते हैं। इस बार मैं किसी और की जिंदगी जी रहा हूं। उसके उतार-चढ़ाव दिखाना मेरे लिए बेहद रोमांचक है।” उन्होंने मौका देने के लिए निर्देशक विनय वाइकुल का आभार भी जताया।
‘ट्रेटर्स’ में नजर आ चुके पुरव ने कहा कि अभिनय के लिहाज से वह ‘चार यार’ को अपनी पहली शुरुआत मानते हैं। उनके मुताबिक, छोटे वीडियो से लंबी कहानी का हिस्सा बनने तक का सफर सीखने वाला रहा। सहकलाकारों के साथ काम करने से उन्हें अपने अभिनय को समझने और निखारने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि कोई अभिनेता पूरी तरह परिपूर्ण नहीं होता, काम करते हुए ही सीखता है।
‘ओजी ट्रेटर’ की पहचान के बाद दर्शक साहिल पर भरोसा कर सकते हैं या नहीं, इस सवाल पर पुरव ने मजाकिया अंदाज में कहा, “बिल्कुल भी नहीं।”
सीरीज की कहानी शुरुआती 2000 के दशक की मुंबई में रहने वाले चार दोस्तों—जय, टोनी, साहिल और समीर—के इर्द-गिर्द घूमती है। पारिवारिक जिम्मेदारियों और बेहतर भविष्य के सपनों के बीच लिया गया एक फैसला उन्हें अपराध की दुनिया में धकेल देता है।
इसमें पुरव के साथ नमन जैन, साकिब अयूब और प्रयाक मेहता प्रमुख भूमिकाओं में हैं। साईं तम्हंकर, सिकंदर खेर, राजेश तैलंग और चंकी पांडे भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे।