91255 06666   |   Registration   |   Login

'सोनम ने अपनी कमाई से खरीदा था घर'- अनिल कपूर

'सोनम ने अपनी कमाई से खरीदा था घर'- अनिल कपूर

स्टार प्लस के शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ में इस वीकेंड रुपाली गांगुली नजर आएंगी। बातचीत के दौरान महिलाओं के अपने घर के सपने का जिक्र होगा। इसी सिलसिले में अनिल कपूर अपनी बेटी सोनम कपूर का किस्सा सुनाएंगे। वह बताएंगे कि सोनम ने अपनी मेहनत की कमाई और बचत से अपना फ्लैट खरीदा था।
एपिसोड में रुपाली अपने किरदार अनुपमा की अपना घर बनाने की चाहत पर बात करेंगी। उनके मुताबिक, किसी महिला के लिए अपना घर सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और अपनेपन का एहसास भी होता है।
रुपाली कहती हैं, “दुनिया में एक कोना ऐसा हो जो सिर्फ हमारा अपना हो। हर औरत को खुद की कमाई से, खुद के पैरों पर खड़े होकर अपना एक घर बनाना चाहिए, छोटा सा ही सही।”
यह सुनकर अनिल को सोनम के शुरुआती दिनों की याद आएगी। वह कहेंगे, “सोनम ने अपने खुद के पैसे से अपना घर बनाया। मुझे खरीदने की जरूरत ही नहीं पड़ी। खुद अपनी मेहनत से बनाया।”
अनिल आगे बताएंगे कि सोनम सिंगापुर से पढ़ाई करके लौटी थीं। इसके बाद उन्होंने संजय लीला भंसाली के साथ बतौर असिस्टेंट काम किया। भंसाली ने ही उन्हें अभिनय का पहला मौका दिया। सोनम ने अपनी कमाई से थोड़े-थोड़े पैसे जोड़कर फ्लैट खरीदा।
सोनम ने फिल्म ‘ब्लैक’ में भंसाली को असिस्ट करके फिल्मी सफर शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने 2007 में ‘सांवरिया’ से अभिनय की शुरुआत की। फिल्म में उनके साथ रणबीर कपूर थे।
सवालों के साथ अनिल के निजी किस्सों वाला यह एपिसोड इस वीकेंड रात आठ बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर दर्शकों को देखने को मिलेगा।