पंजाबी संगीत और सिनेमा से अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचे दिलजीत दोसांझ की पहचान अब उनके पहनावे से भी जुड़ गई है। फैशन डिजाइनर अंजलि फोगाट मानती हैं कि दिलजीत सिर्फ पंजाबी फैशन को वैश्विक पहचान नहीं दे रहे, बल्कि अपनी संस्कृति को जीते हुए दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहे हैं।
अंजलि के मुताबिक, दिलजीत का मेट गाला लुक इसका प्रभावशाली उदाहरण था। उन्होंने कहा, ‘पोशाक के पीछे लिखे शब्द “मैं हूं पंजाब” बिना किसी भाषण के बहुत बड़ी बात कह रहे थे। संदेश साफ था कि मैं वैश्विक मंच पर पहुंचा हूं, लेकिन अपनी पहचान पीछे नहीं छोड़ी।’
उनका कहना है कि पगड़ी, आभूषण, तलवार और पारंपरिक संदर्भ महज सजावट नहीं थे। इन सभी ने मिलकर पंजाब और उसकी विरासत की कहानी कही। अंजलि के लिए यही फैशन की खूबसूरती है, जो परंपरा और आधुनिकता के बीच पुल बनाता है।
अपने ब्रांड डिजाइनर ड्रीम कलेक्शन के जरिए वह भी भारतीय विरासत को अंतरराष्ट्रीय फैशन की भाषा में पेश करने का प्रयास करती हैं। उनका मानना है कि जड़ों का सम्मान करते हुए भविष्य की ओर बढ़ना संभव है।
अंजलि दिलजीत के व्यक्तित्व की सहजता और सकारात्मकता को भी उनकी लोकप्रियता का अहम हिस्सा मानती हैं। उनके अनुसार, मंच की ऊर्जा के पीछे एक शांत और जमीन से जुड़ा इंसान नजर आता है।
वह बताती हैं कि गायिका बनने की इच्छुक उनकी बेटी बहुत कम भारतीय कलाकारों को पहचानती है, लेकिन दिलजीत और शाहरुख खान को तुरंत पहचान लेती है। अंजलि कहती हैं, ‘जब कोई कलाकार पीढ़ियों और देशों की सीमाएं पार करके युवाओं को उनकी जड़ों से जोड़ता है, तो वह मनोरंजन से बढ़कर सांस्कृतिक प्रतिनिधित्व बन जाता है।’
