मुंबई। अभिनेत्री अनुष्का लुहार फिल्म ‘तुम मेरे हो’ से हिंदी फीचर फिल्मों में नई शुरुआत करने जा रही हैं। 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली इस फिल्म में वह गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय के साथ नजर आएंगी। इसमें उनका किरदार निशा एक बेबाक, ग्लैमरस और आत्मविश्वासी महिला का है, जो अपनी इच्छाओं और फैसलों को लेकर स्पष्ट है।
अनुष्का के मुताबिक, निशा अपना कारोबार चलाती है और हर काम अपने तरीके से करना पसंद करती है। उसके व्यक्तित्व में एक मजबूत महिला की झलक है। इस भूमिका ने उन्हें अभिनय के नए पहलू तलाशने का अवसर दिया है।
फिल्म में उनका चयन कई दौर के ऑडिशन और रीडिंग सेशन के बाद हुआ। एक कास्टिंग एजेंट के संपर्क करने के बाद उनकी मुलाकात निर्देशक आशीष और गुरमीत से हुई थी। भूमिका मिलने की पुष्टि को वह अपने लिए बेहद खास पल मानती हैं।
सह-कलाकारों के साथ काम करने के अनुभव पर अनुष्का ने कहा कि गुरमीत और ईशा सेट पर उत्साह लेकर आते थे। गुरमीत ने अभिनेता और निर्माता, दोनों भूमिकाओं में उनका सहयोग किया और शूटिंग के दौरान सहज महसूस कराया। फिल्म से उन्हें अच्छी दोस्तियां भी मिलीं।
दूसरी ओर, तेलुगु फिल्म ‘चक्कोरा’ में वह कौमुदिनी की भूमिका निभा रही हैं। विशाखापत्तनम की यह सरल और मासूम शास्त्रीय नृत्यांगना निशा से बिल्कुल अलग है। अनुष्का को उम्मीद है कि इन विपरीत किरदारों से दर्शक उनकी अभिनय क्षमता की विविधता देख सकेंगे।
इससे पहले वह ‘इट हैपन्ड इन कलकत्ता’, ‘स्टेट ऑफ सीज: टेंपल अटैक’, ‘बबली बाउंसर’, ‘डॉ. अरोड़ा’, ‘ताज: डिवाइडेड बाय ब्लड’ और ‘बैड न्यूज़’ जैसे प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुकी हैं। अब दोनों भूमिकाओं को लेकर वह काफी उत्साहित हैं।
