बॉलीवुड स्टार सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपने रौबदार अंदाज से दर्शकों को बांधने को तैयार हैं। ‘बंटवारा 1947’ के बाद अभिनेता की अगली फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ का ऐलान हो गया है। सनी देओल ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से फिल्म का फर्स्ट लुक और मोशन पोस्टर जारी किया, जिसमें वे पहले से कहीं अधिक इंटेंस और रॉ अवतार में दिखाई दे रहे हैं।
मोशन पोस्टर में सनी देओल का चेहरा थका हुआ और गहरे अंधेरे से भरा दिखता है। बढ़ी हुई दाढ़ी, तेज नजर और हाथ में सिगरेट के साथ उनका लुक क्राइम थ्रिलर की गहन भावना को दर्शाता है। फिल्म के पोस्टर के साथ लिखा गया है—“अतीत और वर्तमान के बीच उलझा हुआ, वह सच को उजागर करता है।” यह किरदार सनी देओल की लार्जर-दैन-लाइफ स्क्रीन प्रस्तुति के अनुरूप प्रतीत होता है।
‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ का निर्देशन मलयालम फिल्मकार एम. पद्मकुमार कर रहे हैं, जिनका यह बॉलीवुड में पहला निर्देशन है। खबरों के अनुसार यह फिल्म मलयालम हिट ‘जोसेफ’ के हिंदी रूपांतरण पर आधारित है। फिल्म को क्राइम थ्रिलर शैली में प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसमें सनी देओल के किरदार का सफर अतीत के रहस्यों और वर्तमान की सच्चाई की खोज से जुड़ा है।
मेकर्स ने फिल्म की रिलीज तिथि भी घोषित कर दी है। ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फर्स्ट लुक आते ही सोशल मीडिया पर फैंस का उत्साह बढ़ गया है। कई यूजर्स ने सनी देओल के नए अवतार को पावरफुल और दमदार बताया, जबकि कुछ ने उन्हें “इंटरनेशनल हीरो” कहा। दर्शकों को उम्मीद है कि फिल्म में उन्हें सनी देओल का एक और शानदार और एक्शन से भरपूर अवतार देखने को मिलेगा।
