बॉलीवुड अभिनेत्री तृप्ति डिमरी विक्टोरिया’स सीक्रेट के प्रतिष्ठित फैशन इवेंट में हिस्सा लेने के लिए लॉस एंजिल्स पहुंच गई हैं। विक्टोरिया’स सीक्रेट इंडिया की पहली ब्रांड एंबेसडर रहीं तृप्ति इस बार अपनी ‘एंजेल एनर्जी’ के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय मौजूदगी दर्ज कराने जा रही हैं।
सोशल मीडिया पर साझा उनकी ट्रैवल डायरी से इस सफर की झलक मिली है। फ्लाइट के दौरान खिलंदड़ मूड में दिखीं तृप्ति ने लॉस एंजिल्स पहुंचते ही इवेंट की तैयारी शुरू कर दी है। शहर में घूमते और शॉपिंग करते हुए उनके सहज अंदाज व आकर्षक स्टाइल की चर्चा खूब हो रही है। उन्हें विक्टोरिया’स सीक्रेट स्टोर के बाहर भी देखा गया।
इस साल का विक्टोरिया’स सीक्रेट फैशन शो 18 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स में आयोजित होगा। पिछले दो संस्करण न्यूयॉर्क में होने के बाद यह शो लगभग 19 वर्षों बाद लॉस एंजिल्स लौट रहा है।
अप्रैल में तृप्ति डिमरी को विक्टोरिया’स सीक्रेट की पहली भारतीय ब्रांड एंबेसडर चुना गया था। उन्होंने कहा था कि किशोरावस्था में अपनी बहन के साथ इस शो को देखना उनके लिए एक खास अनुभव था और अब अपने देश का प्रतिनिधित्व करना उन्हें गर्व का अनुभव कराता है।
तृप्ति की इस उपस्थिति को भारतीय फैशन और मनोरंजन की बढ़ती वैश्विक पहचान के रूप में देखा जा रहा है। लॉस एंजिल्स के इस बड़े मंच पर उनके लुक और प्रस्तुति से काफी उम्मीदें बांधी जा रही हैं।
