नवोदित निर्देशक राधिका बंसल की पहली फिल्म ‘मीठे में क्या है’ का पहला पोस्टर जारी हो गया है। दिवाली के चार दिनों के उत्सव के इर्द-गिर्द बुनी गई यह पारिवारिक ड्रामा फिल्म 30 अक्टूबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
उत्थान कैपिटल द्वारा प्रस्तुत और अजीत मोहन द्वारा निर्मित फिल्म में ऋत्विक भौमिक, रोहिणी हट्टंगड़ी, आयशा रजा मिश्रा, तराना राजा, अभय कौल, विक्रम बख्शी, गौरव के. शर्मा, दलाई, शिविका ऋषि, आयुष्मान घई और कनिका कपूर जैसे कलाकार हैं।
पोस्टर में पूरे परिवार को एक साथ दिखाया गया है, जो त्योहार के माहौल में रिश्तों की गर्माहट, मिलन और घर की चहल-पहल को दर्शाता है। फिल्म रोजमर्रा के संबंधों, पारिवारिक एकजुटता और साथ रहने के सुकून पर आधारित है, जिसमें हल्के-फुल्के पलों के बीच नाटकीय मोड़ भी हैं। निर्माताओं का कहना है कि यह फिल्म हर पीढ़ी के दर्शकों के लिए साथ बैठकर देखने लायक अनुभव पेश करेगी।
राधिका बंसल ने इस कहानी को शुरुआत में डायरी की तरह लिखना शुरू किया था, लेकिन बाद में अपने निजी अनुभवों को काल्पनिक रूप देकर पटकथा विकसित की। उनकी पहली पटकथा, एक कानूनी ड्रामा, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स तक पहुंचने के बावजूद निर्माण के लिए मंजूर नहीं हो सकी थी, लेकिन इसने उन्हें लेखन जारी रखने का भरोसा दिया।
बताया जाता है कि उन्होंने ‘मीठे में क्या है’ की कहानी तीन महीने से भी कम समय में लिखी। फिल्म सेट पर पहले कभी काम न करने के बावजूद उन्होंने निर्देशन की चुनौती स्वीकारी और एक साल के लक्ष्य को ग्यारह महीनों में पूरा किया।
फिल्म के कलाकारों में ‘गांधी’ के लिए बाफ्टा पुरस्कार विजेता रोहिणी हट्टंगड़ी, ‘बंदिश बैंडिट्स’ और ‘खाकी: द बंगाल चैप्टर’ के लिए जानी जाने वाली ऋत्विक भौमिक तथा ‘वीरे दी वेडिंग’ और ‘गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल’ की आयशा रजा मिश्रा शामिल हैं। ‘सितारे ज़मीन पर’ में नजर आ चुकी तराना राजा भी फिल्म का हिस्सा हैं।
फिल्म का ट्रेलर जल्द जारी होने की उम्मीद है। दिवाली के मौके पर रिश्तों, परिवार और एकजुटता की मिठास लेकर आ रही यह फिल्म 30 अक्टूबर से नेटफ्लिक्स पर दर्शकों के बीच पहुंचेगी।
