91255 06666   |   Registration   |   Login

विद्युत जामवाल का हॉलीवुड डेब्यू, ‘स्ट्रीट फ़ाइटर’ में बने धालसिम

विद्युत जामवाल का हॉलीवुड डेब्यू, ‘स्ट्रीट फ़ाइटर’ में बने धालसिम

विद्युत जामवाल के चाहने वालों के लिए यह ख़ास हफ़्ता है। उनकी फ़िल्म ‘स्ट्रीट फ़ाइटर’ 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है और यह उनका हॉलीवुड डेब्यू है। विद्युत इस फ़िल्म में धालसिम का किरदार निभा रहे हैं, जो वीडियो गेम की दुनिया का सबसे पहचाने जाने वाले भारतीय योद्धाओं में से एक है।
धालसिम की पहचान योग, लचीलेपन और ‘योगा फ़ायर’ से जुड़ी है। विद्युत के लिए यह किरदार किसी बाहरी तैयारी का नतीजा नहीं है। वे तीन साल की उम्र से कलरिपयट्टु का अभ्यास कर रहे हैं और उन्होंने इस भारतीय मार्शल आर्ट को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने की बात कही है। धालसिम बनकर वे भारतीय संस्कृति और मार्शल आर्ट को वैश्विक दर्शकों के सामने रख रहे हैं।
कम लोग जानते हैं कि धालसिम का किरदार विद्युत से पहले भी एक भारतीय मूल के अभिनेता निभा चुके हैं। साल 1994 की ‘स्ट्रीट फ़ाइटर’ में यह भूमिका रोशन सेठ ने की थी। वही रोशन सेठ, जिन्हें ‘गांधी’ में जवाहरलाल नेहरू की भूमिका के लिए याद किया जाता है। उस फ़िल्म में धालसिम को योगी नहीं, बल्कि वैज्ञानिक और चिकित्सक के रूप में दिखाया गया था।
‘स्ट्रीट फ़ाइटर’ की शुरुआत 1987 में कैपकॉम के वीडियो गेम से हुई थी। 1991 में आए ‘स्ट्रीट फ़ाइटर II’ ने इसे दुनियाभर में लोकप्रिय बना दिया। धालसिम इसी गेम के शुरुआती चुने जा सकने वाले किरदारों में शामिल था। अब इस गेम को फिर से बड़े परदे पर उतारा जा रहा है।
किताओ सकुराई के निर्देशन में बनी इस फ़िल्म की कहानी 1993 में स्थापित है। एंड्रयू कोजी के रयू और नोआ सेंटिनियो के केन अलग हो चुके होते हैं। कैलिना लियांग की चुन-ली उन्हें वर्ल्ड वॉरियर टूर्नामेंट में वापस लाती है, जिसके पीछे एक ख़तरनाक साज़िश है।
फ़िल्म में जेसन मोमोआ ब्लांका, 50 सेंट बालरॉग, डेविड डैस्टमाल्चियन एम. बाइसन, कोडी रोड्स गाइल और रोमन रेंस अकुमा बने हैं।  विद्युत भले ही फ़िल्म के मुख्य नायक नहीं हैं, पर धालसिम जैसा प्रतिष्ठित किरदार उनके करियर के लिए बड़ा क़दम है। फ़िल्म भारत में अंग्रेज़ी के साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु में भी रिलीज़ होगी।