91255 06666   |   Registration   |   Login

'खोसला का घोंसला 2' 5 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में मचाएगा धमाल

'खोसला का घोंसला 2' 5 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में मचाएगा धमाल

आपने सोचा खेल खत्म हो गया? खोसला परिवार का कुछ और ही प्लान है! हिंदी सिनेमा की सबसे प्यारी और चर्चित फैमिली बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार है। कल्ट क्लासिक 'खोसला का घोंसला' के बहुप्रतीक्षित सीक्वल 'खोसला का घोंसला 2' का पहला पोस्टर रिलीज हो गया है और साथ ही फिल्म की रिलीज डेट भी पक्की कर दी गई है। यह फिल्म 5 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इस बार टैगलाइन है - इस बार घर पर नहीं, सिनेमाघरों पर होगा खोसलाओं का कब्जा।

मेकर्स टी-सीरीज फिल्म्स और तांडव फिल्म्स ने पोस्टर जारी किया है, जो ओरिजिनल फिल्म की ही तरह देसी, मजेदार और नॉस्टैल्जिया से भरा है। पोस्टर देखते ही पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं, लेकिन एक नए ट्विस्ट का भी एहसास होता है। साफ है कि इस बार भी हंसी, इमोशन और जमीन-जायदाद वाला झोल तो होगा ही, साथ में और भी ज्यादा मस्ती और हंगामा देखने को मिलेगा।

फिल्म का निर्देशन प्रिया मिश्रा और प्रशांत भागिया ने किया है। गुलशन कुमार, टी-सीरीज और तांडव फिल्म्स प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, सविता राज हीरामठ और राज हीरामठ ने किया है।

कहानी में जान डालने के लिए पुरानी स्टारकास्ट पूरी तरह लौट रही है। अनुपम खेर, बोमन ईरानी, रणवीर शौरी, प्रवीण डब्बास, तारा शर्मा और किरण जुनेजा अपने पुराने किरदारों में फिर से नजर आएंगे। वहीं इस बार कहानी में नया तड़का लगाने के लिए रवि किशन, दिव्या खोसला, निशांत वर्मा, कंगन बरुआ नांगिया और दानिश इकबाल जैसे नए चेहरे भी जुड़े हैं।

मेकर्स का कहना है कि सीक्वल पुरानी दुनिया को आगे ले जाता है, जहां खोसला परिवार एक नई मुसीबत में फंस जाता है। दर्शकों को दोगुना प्यार, हास्य और वही रोजमर्रा की उलझनें देखने को मिलेंगी, जिसने पहली फिल्म को कल्ट बनाया था।