मुंबई, नेहरू सेंटर: वर्ली स्थित नेहरू सेंटर एसी आर्ट गैलरी में 'अप नेक्स्ट - ए न्यू वेव ऑफ कंटेम्पररी आर्ट' प्रदर्शनी का रंगारंग आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह में अभिनेत्री महिमा चौधरी, 'हनुमान अंश' फेम संगीतकार धीरेंद्र मुलकलवार, परोपकारी डॉ. अनील काशी मुरारका, वरिष्ठ कलाकार किरण चोपड़ा, टेला आर्ट गैलरी के क्यूरेटर ऋतु चोपड़ा और विकास सिंह सहित सभी 16 प्रतिभागी कलाकार मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत आध्यात्मिक सुरों से हुई। धीरेंद्र मुलकलवार ने अपनी हिट फिल्म 'हनुमान अंश' का गीत 'सियावर रामचंद्र की जय' गाकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
हर कलाकार के काम को बारीकी से देखने के बाद महिमा चौधरी ने कहा, "मुझे हर तरह की कला पसंद है, लेकिन समकालीन कला वाकई कूल है। अब कोई बंधी-बंधाई सीमाएं नहीं रहीं। आज के कलाकार आध्यात्म से लेकर धर्म और दुनिया-जहान की हर बात को बेबाकी से, अपने अंदाज में कह रहे हैं। कलाकारों ने सारी सीमाएं पार कर दी हैं और इसे ऐसे मंचों पर प्रोत्साहित होते देखना बहुत खूबसूरत है।"
टेला आर्ट गैलरी द्वारा क्यूरेट इस प्रदर्शनी में देश-विदेश के 16 कलाकारों - मीना यादव, रीटा छावछरिया, पूजा शर्मा, राखी शाह, तिथि आरेकर, भावना मधानी, निधि चरण, अमिता गोस्वामी, कल्पेश चव्हाण, रचना कारिया, श्वेता बधानी मोदी, कैलास काले, चीना मदान, राखी बैद, ओल्गा विखोनिना और कंचन महांते की कृतियां शामिल हैं।
प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण 108 छोटे कैनवास से बनी एक मॉड्यूलर कलाकृति है, जो मिलकर मंदिर जैसी तीन आकृतियां बनाती है। वहीं फाइबर और हैंड-वर्क से बनी विशाल टेक्सटाइल इंस्टॉलेशन श्रम, स्मृति और स्थिरता पर संवाद करती है।
यह प्रदर्शनी 28 सितंबर 2026 तक रोजाना सुबह 11 से शाम 7 बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी।