गणेश चतुर्थी का उत्साह पूरे देश में देखने को मिल रहा है और इसी बीच अभिनेत्री पल्लवी चटर्जी ने इस त्योहार से जुड़ी अपनी भावनाएं साझा की हैं। हाल ही में निखिल आडवाणी की 'द रिवोल्यूशनरीज' और हिंदी फिल्म 'शॉलवाला' में नजर आईं कोलकाता की जानी-मानी अभिनेत्री पल्लवी के लिए बप्पा का यह पर्व दिल के बहुत करीब है। उनका कहना है कि गणपति पूजा महाराष्ट्र में बहुत बड़े पैमाने पर मनाई जाती है, बंगाल में नहीं। हालांकि अब कोलकाता में भी लोग घरों में गणेश जी की स्थापना करने लगे हैं, लेकिन उनके बचपन के दिनों में बंगाली परिवारों में यह त्योहार इतने व्यापक रूप से नहीं मनाया जाता था। भगवान गणेश को विघ्नहर्ता कहा जाता है और पल्लवी मानती हैं कि कोलकाता और मुंबई दोनों जगह उनके घर में मंदिर होने से हर दिन गणेश जी की पूजा उन्हें जीवन की तमाम बाधाओं से बचाती है।

जब उनसे पूछा गया कि आजकल त्योहार ज्यादा बड़े और कमर्शियल होते जा रहे हैं तो क्या हम गणेश चतुर्थी के असली भाव को कहीं खो रहे हैं, तो पल्लवी ने कहा कि उन्हें ऐसा बिल्कुल नहीं लगता। भारत में हम सौभाग्यशाली हैं कि हम हर त्योहार को मना पाते हैं और हर किसी के पास यह चुनाव है कि वह इसे निजी तौर पर मनाए या बड़े उत्साह के साथ। साथ ही इन त्योहारों से रोजगार और आमदनी भी जुड़ी होती है, जो बहुत से लोगों के लिए परिवार के साथ खुशी मनाने और बप्पा का आशीर्वाद लेने का एक बड़ा अवसर बन जाती है। पल्लवी को इस त्योहार में लोगों से मिलना, निमंत्रण पर जाना और आशीर्वाद लेना बहुत पसंद है। उनका कहना है कि किसी भी रूप में भोग मिलना संतोष देता है और वह बहुत शिद्दत से पूजा करती हैं।