गायिका-लेखिका हनीता भाम्बरी का रॉकिंग स्टार यश के साथ पहला संवाद फिल्म ‘टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ के म्यूजिक लॉन्च पर हुआ, जहां उन्होंने फिल्म का टाइटल ट्रैक परफॉर्म किया। गाने को विशाल मिश्रा ने कंपोज किया है और हनीता ने इसके बोल भी लिखे हैं। गाना बेहद कम समय में तैयार हुआ; हनीता ने इसे म्यूजिक लॉन्च से मात्र दो दिन पहले रिकॉर्ड किया, इसलिए गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान उनकी यश से मुलाकात नहीं हो पाई। पहली बार वे स्टेज पर तब मिले, जब हनीता ने परफॉर्मेंस के बाद होस्ट के सवाल पर मजाकिया अंदाज में कहा कि वे यश को देखकर ‘बोलती बंद’ हो गईं और बस उनकी आंखों में खो गईं। इवेंट के बाद हनीता ने यश से संक्षिप्त बातचीत की, जिसमें अभिनेता ने गाने और उनकी वोकल्स की सराहना की और करियर के लिए शुभकामनाएं दीं। खास बात यह रही कि यश ने हनीता की मां को उनके जन्मदिन पर बधाई भी दी और उनके साथ कुछ तस्वीरें भी क्लिक करवाईं। हनीता ने कहा, “वे बहुत प्रोत्साहित करने वाले थे… मेरी मां को जन्मदिन की बधाई देना बहुत प्यारा जेस्चर था। मुझे वे बहुत वार्म और ग्राउंडेड लगे।” हनीता लगातार सिंगर-सॉन्गराइटर के तौर पर काम कर रही हैं; ‘टॉक्सिक’ के बाद उनका अगला प्रोजेक्ट जल्द घोषित किया जाएगा।
