मुंबई के ऐतिहासिक रॉयल ओपेरा हाउस में अभिनेत्री शर्वरी बाघ की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के संगीत का अनावरण किया गया। फिल्म के प्रचार अभियान की शुरुआत के लिए शर्वरी ने इस प्रतिष्ठित स्थल को बेहद खास और उपयुक्त बताया।
शर्वरी ने म्यूजिक लॉन्च की कुछ तस्वीरें और झलकियां सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने लिखा, “रॉयल ओपेरा हाउस वह जगह है, जहां पीढ़ियों से परिवार साथ आकर कहानियों, गीतों और फिल्मों को जीवंत होते देखते रहे हैं। सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के प्रचार की शुरुआत के लिए इससे बेहतर जगह और क्या हो सकती है।”
अभिनेत्री के लिए यह अवसर इसलिए भी यादगार रहा, क्योंकि यह सूरज बड़जात्या और आयुष्मान खुराना के साथ उनका पहला प्रोजेक्ट है। परिवार, भावनाओं और संगीत पर आधारित इस फिल्म के म्यूजिक लॉन्च के लिए रॉयल ओपेरा हाउस का चयन समारोह को और खास बना गया।
शर्वरी ने इस शाम को अपने दिल के बेहद करीब बताया। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना और शर्वरी बाघ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।