प्यार जब जुनून बन जाए, तो उसकी राह में आने वाली हर चुनौती और भी कठिन हो जाती है। अभिनेता गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय पहली बार फिल्म ‘तुम मेरे हो’ में साथ नजर आएंगे। यह फिल्म ईशा मालवीय का बॉलीवुड डेब्यू भी है। प्यार, भावनाओं, एक्शन और एडवेंचर से भरपूर यह फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
निर्माताओं ने फिल्म के पहले पोस्टर जारी कर दिए हैं। पोस्टरों में गुरमीत और ईशा की जोड़ी के बीच की भावनात्मक नजदीकियों के साथ उनके रिश्ते में आने वाली चुनौतियों की झलक देखने को मिलती है। फिल्म को एक सामान्य प्रेम कहानी से अलग बताया जा रहा है, जिसमें रोमांस के साथ रोमांच और एक्शन भी कहानी का अहम हिस्सा है।
निर्देशक आशीष पांडा ने कहा कि ‘तुम मेरे हो’ के जरिए प्यार की गहराई और उसकी तीव्रता को बड़े पर्दे पर पेश करने की कोशिश की गई है। यह केवल खूबसूरत पलों की कहानी नहीं, बल्कि उन भावनाओं और परिस्थितियों की दास्तान है, जो दो लोगों के रिश्ते की परीक्षा लेती हैं। गुरमीत ने अपने किरदार में जरूरी तीव्रता और आत्मविश्वास उतारने के साथ फिल्म की दुनिया में खुद को पूरी तरह ढाल लिया।
ईशा मालवीय के अभिनय के बारे में निर्देशक ने कहा कि वह अपने किरदार में नर्मी, भावनात्मक गहराई और मजबूती लेकर आई हैं। ‘तुम मेरे हो’ का निर्देशन आशीष पांडा ने किया है। फिल्म का निर्माण रेवा क्रिएटिव हाउस और डेबगुरु फिल्म्स ने किया है। आरती एस और देबिना बनर्जी इसकी निर्माता हैं। संगीत सारेगामा का है और पीवीआर पिक्चर्स फिल्म को वितरित कर रहा है। कहानी और स्क्रीनप्ले निरंजन अयंगर और पूर्वा नरेश ने लिखा है।
