डायरेक्टर पा. रंजीत अपनी सबसे बड़ी पैन-इंडिया फिल्म 'वेट्टुवम' के साथ एक ऐसी दुनिया लेकर आ रहे हैं जो पहले कभी पर्दे पर नहीं देखी गई। मेकर्स ने आज फिल्म की दुनिया से पर्दा उठाते हुए एक स्पेशल वीडियो रिलीज किया है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
इस वीडियो को 5 भाषाओं में रिलीज किया गया है और हर भाषा में एक दमदार आवाज इसकी कहानी बयां कर रही है। हिंदी वर्जन में पंकज त्रिपाठी, तमिल में खुद पा. रंजीत, तेलुगु में राणा दग्गुबाती, कन्नड़ में किच्चा सुदीप और मलयालम में सौबिन शाहिर ने अपनी आवाज दी है। वीडियो में बताया गया है कि 'वेट्टुवम' सिर्फ एक लड़ाई की कहानी नहीं है, बल्कि यह हमारे अतीत में लिए गए फैसलों का असर है, जो हमारे वर्तमान को प्रभावित कर रहे हैं और हमारे भविष्य को आकार देंगे, यहां तक कि बार-बार आने वाली प्राकृतिक आपदाओं के पीछे भी यही वजह बन सकती है।
फर्स्ट लुक वीडियो में जमीन पर वर्चस्व के लिए लड़ते कई गुटों के बीच की जंग दिखाई गई है, जिसे ही फिल्म में 'वेट्टुवम' कहा गया है। इस जंग को पुराने भारत की पारंपरिक युद्ध कलाओं के आधार पर डिजाइन किया गया है, जिसके लिए पूरी स्टारकास्ट ने महीनों तक मार्शल आर्ट्स की कड़ी ट्रेनिंग ली है। साथ ही फिल्म में पारंपरिक भारतीय खेल मल्लखंब को भी एक बिल्कुल नए और अलग अंदाज में दिखाया गया है।
'कबाली', 'काला', 'सारपट्टा परंबराई' और 'थंगलान' जैसी फिल्में दे चुके पा. रंजीत ने इस फिल्म को खुद लिखा और डायरेक्ट किया है। फिल्म में आर्या, शोभिता धूलिपाला, दिनेश, कलैयारासन, माइम गोपी, गुरु सोमसुंदरम, शबीर कल्लाराक्कल, जॉन विजय, हरीश उथमन समेत कई शानदार कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार दे रहे हैं। एस. साई देवानंद, एस. साई वेंकटेश्वरन और पा. रंजीत द्वारा लर्न एंड टीच प्रोडक्शन और नीलम प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म तमिल, तेलुगु, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ में पैन-इंडिया स्तर पर दिसंबर 2026 में रिलीज होगी।