भारतीय अभिनेता और कंटेंट क्रिएटर विशाल पांडे के लिए मॉस्को की हालिया यात्रा सिर्फ एक नए देश को देखने भर तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह इस बात की संभावनाओं को लेकर भी थी कि भारतीय फॉर्मेट और कंटेंट एक बिल्कुल अलग माहौल में कैसे दिख सकते हैं। बिग बॉस जैसे देश के सबसे चर्चित रियलिटी शो का हिस्सा रह चुके विशाल बखूबी जानते हैं कि किसी भी शो के अनुभव में लोकेशन, स्केल और प्रोडक्शन का कितना बड़ा योगदान होता है।
इसी अनुभव के आधार पर विशाल का मानना है कि अगर बिग बॉस जैसा फॉर्मेट रूस में शूट किया जाए तो यह दर्शकों के लिए एक नया अनुभव होगा। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि बिग बॉस को रूस में कॉन्सेप्चुअलाइज या शूट होते देखना बहुत दिलचस्प होगा। एकदम अलग सेटिंग, अलग लोकेशन देखने में बहुत मजा आएगा। भारत और रूस के बीच काफी सांस्कृतिक अंतर भी है, तो यह देखना वाकई रोचक होगा कि इसे वहां कैसे किया जाता है।"
बिग बॉस के रूस में शूट होने की कल्पना से आगे बढ़कर जिस चीज ने विशाल का ध्यान सबसे ज्यादा खींचा, वह थी मॉस्को का अत्याधुनिक फिल्ममेकिंग इकोसिस्टम। वहां की वर्चुअल प्रोडक्शन फैसिलिटी और एलईडी स्टेज देखकर वह काफी प्रभावित हुए। खासतौर पर XOVP टेक्नोलॉजी ने उन्हें हैरान कर दिया।
उन्होंने कहा, "XOVP तो बिल्कुल दूसरी दुनिया जैसा था। मैं सच में किसी और ही दुनिया में पहुंच गया था। जब मैंने देखा कि उस तकनीक से फिल्म कैसे शूट की गई, तो मैं दंग रह गया। अगर हमें ऐसी टेक्नोलॉजी मिले तो कंटेंट क्रिएशन का लेवल बहुत ज्यादा हाई हो जाएगा, यह वाकई कमाल थी।"
मॉस्को में हाई-टेक स्टेज, एलईडी वॉल्यूम, वर्चुअल प्रोडक्शन और XOVP जैसी सुविधाएं एक साथ उपलब्ध हैं, जो पारंपरिक लोकेशन शूटिंग से कहीं आगे की संभावनाएं बनाती हैं। विशाल जैसे क्रिएटर्स के लिए यह तकनीक नए माहौल और बड़े स्केल के साथ एक्सपेरिमेंट करने का मौका देती है, जहां पूरी तरह से कंट्रोल्ड और इमर्सिव दुनिया को पर्दे पर उतारा जा सकता है।