91255 06666   |   Registration   |   Login

'मिर्जापुर: द मूवी' की धूम, अमृता फडणवीस और सुप्रिया सुले के लिए हुई स्पेशल स्क्रीनिंग

'मिर्जापुर: द मूवी' की धूम, अमृता फडणवीस और सुप्रिया सुले के लिए हुई स्पेशल स्क्रीनिंग

मुंबई। एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज़ की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। ओटीटी की सबसे बड़ी कल्ट फ्रेंचाइजी को बड़े पर्दे पर लाने का निर्माता रितेश सिधवानी का विजन दर्शकों को खूब भा रहा है। फिल्म की इस शानदार थिएट्रिकल रन के बीच मेकर्स ने एक खास स्क्रीनिंग का आयोजन किया।

निर्माता रितेश सिधवानी और निर्देशक गुरमीत सिंह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस और बारामती से लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले के लिए फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग रखी। इस मौके पर फिल्म के अहम किरदार मुन्ना भैया यानी अभिनेता दिव्येंदु भी मौजूद रहे। स्क्रीनिंग के दौरान दोनों ही मेहमानों ने फिल्म की भव्यता और बड़े पर्दे के अनुभव की सराहना की।

पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु स्टारर यह फिल्म रिलीज के साथ ही 2026 की सबसे बड़ी हिंदी हिट फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो गई है। देशभर के सिंगल स्क्रीन से लेकर मल्टीप्लेक्स तक में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ट्रेड रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने दुनियाभर में 223 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है, जो ओटीटी से सिनेमा तक के इस सफर को बड़ी सफलता में बदल रही है।

बता दें कि 'मिर्जापुर: द मूवी' का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी और लेखन पुनीत कृष्णा का है। फिल्म का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने किया है, जिसके सह-निर्माता कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी हैं। यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु दो भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।