91255 06666   |   Registration   |   Login

अनंत नाग को मिलेगा 2024 का दादा साहेब फाल्के पुरस्कार

अनंत नाग को मिलेगा 2024 का दादा साहेब फाल्के पुरस्कार

नई दिल्ली। कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को वर्ष 2024 का दादा साहेब फाल्के पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) ने बुधवार को इसकी घोषणा की। भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें यह सम्मान 22 सितंबर को गुजरात के केवडिया में आयोजित होने वाले 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अनंत नाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कई दशकों तक अपने सहज अभिनय और बहुमुखी प्रतिभा के जरिए अनंत नाग ने भारतीय सिनेमा, विशेष रूप से कन्नड़ फिल्मों पर गहरी छाप छोड़ी है। प्रधानमंत्री ने उनके योगदान को भारतीय फिल्म जगत की महत्वपूर्ण विरासत का हिस्सा बताया।
4 सितंबर 1948 को जन्मे अनंत नागरकट्टे ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत रंगमंच से की थी। इसके बाद उन्होंने कन्नड़ सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। अपने लंबे फिल्मी सफर में वह 300 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं। इनमें 250 से ज्यादा कन्नड़ फिल्में शामिल हैं। उन्होंने कन्नड़ के अलावा हिंदी, तेलुगु, तमिल, मराठी, मलयालम और अंग्रेजी फिल्मों में भी अभिनय किया है।
अनंत नाग को फिल्मों के साथ दूरदर्शन के लोकप्रिय धारावाहिक ‘मालगुडी डेज’ से देशभर में पहचान मिली। आरके नारायण की कहानियों पर आधारित इस धारावाहिक ने उन्हें घर-घर तक पहुंचाया। कन्नड़ सिनेमा में उनके योगदान के लिए उन्हें पांच बार कर्नाटक राज्य फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2025 में भारत सरकार ने उन्हें कला और सिनेमा के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म भूषण से भी सम्मानित किया था।
नई पीढ़ी के दर्शकों ने अनंत नाग को प्रशांत नील की चर्चित फिल्म ‘केजीएफ: चैप्टर 1’ में पत्रकार और लेखक आनंद इंगलागी की भूमिका में देखा। फिल्म में उनका किरदार कहानी के सूत्रधार के रूप में सामने आता है, जो रॉकी और कोलार गोल्ड फील्ड्स की पूरी कहानी दर्शकों को सुनाता है। उनकी गंभीर आवाज, सधी हुई अदाकारी और कहानी कहने के अंदाज ने फिल्म को प्रभावशाली बनाया। हालांकि, वह ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ में नजर नहीं आए।
दादा साहेब फाल्के पुरस्कार भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान माना जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 1969 में हुई थी। यह सम्मान भारतीय फिल्म उद्योग के विकास और समृद्धि में असाधारण योगदान देने वाले कलाकारों और फिल्मी हस्तियों को दिया जाता है। अनंत नाग को यह पुरस्कार मिलना कन्नड़ सिनेमा के साथ-साथ पूरे भारतीय फिल्म जगत के लिए गौरव का क्षण है।