मुंबई। जब भी बॉलीवुड में सस्पेंस थ्रिलर की बात होती है तो दृश्यम फ्रेंचाइजी का नाम सबसे ऊपर आता है। निर्देशक और लेखक अभिषेक पाठक द्वारा निर्देशित 'दृश्यम 2' ने इस विरासत को न सिर्फ कायम रखा बल्कि उसे एक नई ऊंचाई दी। हाल ही में एक इवेंट के दौरान अभिनेता जयदीप अहलावत ने फिल्म की स्क्रिप्टिंग को लेकर अभिषेक पाठक की जमकर तारीफ की।
जयदीप अहलावत ने कहा, "आज जब हम दृश्यम 2 को देखते हैं तो पता चलता है कि दर्शक इससे इतनी गहराई से क्यों जुड़े। मुझे उस कहानी की उलझन और सस्पेंस में पूरी तरह खो जाना था। लेकिन यह कभी मुश्किल नहीं लगा, क्योंकि अभिषेक ने हर चीज पहले से ही बेहतरीन तरीके से सोच रखी थी। लेखन, संवाद, हर सीन की बनावट, सब कुछ इतनी खूबसूरती से लिखा गया था कि आप खुद को उस दुनिया से अलग महसूस ही नहीं करते।"
उल्लेखनीय है कि पैनोरमा स्टूडियोज और वायकॉम 18 स्टूडियोज के बैनर तले बनी दृश्यम 2 में अजय देवगन ने एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में जान फूंक दी थी। उनके साथ तब्बू, श्रिया सरन और अक्षय खन्ना जैसे दमदार कलाकारों ने फिल्म को और मजबूत बनाया था। यह फिल्म 2015 में आई दृश्यम का सीक्वल थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी।
अभिषेक पाठक की लिखावट की सबसे बड़ी खूबी यही है कि वह दर्शक को आखिरी मिनट तक बांधे रखती है। दृश्यम 2 में भी उन्होंने यही किया।