मुंबई। कॉमेडी की दुनिया में कई यादगार किरदार निभा चुकीं अभिनेत्री डेलनाज ईरानी इन दिनों नेटफ्लिक्स की कॉमेडी सीरीज 'चुम्बक' में अपने नए अवतार को लेकर चर्चा में हैं। इस शो में वह तरपोरेवाला परिवार की मुखिया गुलशन तरपोरेवाला की भूमिका निभा रही हैं। चुम्बक कॉलोनी में रहने वाले पांच परिवारों - मर्चेंट, केजरीवाल, ओबेरॉय, खन्ना और तरपोरेवाला में से एक पारंपरिक पारसी परिवार की कहानी में गुलशन का किरदार अहम है।
डेलनाज ने बताया कि उन्होंने कई सालों तक जानबूझकर पारसी किरदारों से दूरी बनाए रखी थी। उनका कहना है, "मैं पारसी समुदाय को स्टीरियोटाइप या कैरिकेचर के रूप में नहीं दिखाना चाहती थी। अक्सर पर्दे पर पारसी किरदारों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है, उनकी बोली, कपड़े और हाव-भाव को अतिरंजित कर दिया जाता है, जो स्वाभाविक नहीं लगता।"
अभिनेत्री ने बताया कि इससे पहले उन्होंने 2004-05 में जेडी और आतिश के शो 'बाटलीवाला हाउस नं. 43' में ही पारसी भूमिका निभाई थी। 'चुम्बक' में उन्हें लगा कि तरपोरेवालास को बिल्कुल असली पारसी कॉलोनी में रहने वाले परिवार की तरह दिखाया गया है, इसलिए उन्होंने यह चैलेंज स्वीकार किया।
इस किरदार के लिए डेलनाज को काफी तैयारी करनी पड़ी। कॉमेडी उनके लिए सहज है, लेकिन गुलशन उनसे उम्र में काफी बड़ी, लगभग 60 साल की महिला है, जिसका बेटा 30-35 साल का है। इसके लिए उन्होंने बोलने का अंदाज, हिंदी उच्चारण, वेशभूषा, मेकअप और हाव-भाव पर विशेष काम किया।
गुलशन का किरदार एक ओवर प्रोटेक्टिव और पजेसिव मां का है, जो अपने बेटे से बेहद जुड़ी है। बहू के घर आने के बाद सास-बहू के बीच की नोक-झोंक और एक तरह का लव ट्रायंगल शो में हंसी का मुख्य स्रोत बनता है। अनंत वी. जोशी और आयरा दस्तूर के साथ उनकी ऑफ-स्क्रीन बॉन्डिंग ने ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को और स्वाभाविक बना दिया।
डेलनाज के मुताबिक, गॉसिप पसंद करने के बावजूद तरपोरेवाला परिवार कॉलोनी का सबसे मददगार और दरियादिल परिवार है। नीना गुप्ता के किरदार रजनी के साथ गुलशन की दोस्ती भी कहानी में एक अलग रंग जोड़ती है।