बॉर्डर 2 से जबरदस्त सुर्खियां बटोरने के बाद अभिनेता अहान शेट्टी अब एक बिल्कुल अलग जॉनर में कदम रखने जा रहे हैं। बॉलीवुड के जाने-माने हॉरर फिल्ममेकर विक्रम भट्ट की सुपरहिट फ्रेंचाइजी '1920' की अगली कड़ी '1920: कोल्ड विंटर' के लिए अहान को फाइनल किया गया है। हाल ही में अहान को विक्रम भट्ट के ऑफिस के बाहर स्पॉट किया गया था, और सूत्रों के मुताबिक यह मुलाकात इसी फिल्म को लेकर थी।
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों ने बताया कि यह प्रोजेक्ट अहान के करियर का पहला हॉरर वेंचर होगा। बॉर्डर 2 में एक सैनिक के तौर पर उनके दमदार अभिनय को दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों से शानदार रिस्पॉन्स मिला था। उस देशभक्ति और एक्शन से भरपूर अवतार के बाद अब एक पीरियड हॉरर फिल्म में उनका इंटेंस और डार्क किरदार दर्शकों के लिए सरप्राइज होगा।
सूत्रों के अनुसार, फिल्म की कहानी 1920 के दशक के बर्फीले, सुनसान माहौल में सेट है, जहाँ ठंड के साथ-साथ खौफ भी जम जाता है। टाइटल 'कोल्ड विंटर' इसी थीम को दर्शाता है। विक्रम भट्ट, जिनका नाम 'राज़', '1920' और 'हॉन्टेड' जैसी फिल्मों के साथ हॉरर जॉनर का पर्याय बन चुका है, पहली बार अहान के साथ कोलैबोरेट कर रहे हैं।
फिल्म से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बताया, "अहान और विक्रम की यह मीटिंग काफी पॉजिटिव रही। स्क्रिप्ट पर अंतिम चर्चा चल रही है। मेकर्स का प्लान है कि फिल्म इस साल के अंत में, दिसंबर में फ्लोर पर चली जाएगी।"
फिलहाल मेकर्स लोकेशन और बाकी कास्टिंग को फाइनल करने में जुटे हैं। माना जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग पहाड़ी इलाकों में होगी ताकि कहानी के विंटर हॉरर को असली रूप दिया जा सके। आधिकारिक अनाउंसमेंट जल्द ही होने की उम्मीद है।