91255 06666   |   Registration   |   Login

नेहा का तंज, सुनिधि पर वार: ‘अंगूर खट्टे’ बयान ने छेड़ी जंग

नेहा का तंज, सुनिधि पर वार: ‘अंगूर खट्टे’ बयान ने छेड़ी जंग

गायिका नेहा कक्कड़ का एक बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। ‘आई पॉपस्टार वॉल्यूम २’ के प्रमोशन के दौरान जब उनसे सिंगिंग रियलिटी शोज के स्क्रिप्टेड होने और सुनिधि चौहान के शो छोड़ने पर सवाल हुआ, तो नेहा ने ऐसा जवाब दिया कि मामला गरमा गया।
नेहा ने कहा कि जब तक वह शो का हिस्सा थीं, टीआरपी टॉप पर थी और फिर चुटीले अंदाज में ‘अंगूर खट्टे हैं’ वाली कहावत भी सुना दी। उन्होंने यह भी साफ किया कि उनके मुताबिक शो स्क्रिप्टेड नहीं है और कंटेस्टेंट्स की भावनाएं असली होती हैं।
अब नेहा के इस बयान पर सोशल मीडिया दो खेमों में बंट गया है। कुछ यूजर्स ने उन्हें ट्रोल किया, तो कुछ ने सुनिधि का बचाव किया। गौरतलब है कि सुनिधि पहले रियलिटी शोज में एडिटिंग, ऑटो-ट्यून और कंटेस्टेंट्स को लेकर कथित दबाव पर सवाल उठा चुकी हैं।
यानी संगीत की दुनिया में सुरों के साथ अब बयानों का भी ‘हाई नोट’ सुनाई दे रहा है!
बयान की पृष्ठभूमि
सुनिधि चौहान ने पहले कई बार कहा था कि वर्तमान सिंगिंग रियलिटी शोज में ड्रामा ज्यादा है, ऑटो-ट्यून और एडिटिंग का इस्तेमाल होता है और कंटेस्टेंट्स पर दबाव बनाया जाता है, जिस वजह से उन्होंने ऐसे शोज से दूरी बना ली।  नेहा ने इसी संदर्भ में कहा, “फेम इसलिए गिर गया क्योंकि मैंने करना छोड़ दिया। जब तक मैं थी टीआरपी टॉप पर थी। सॉरी, लेकिन मैं कहना चाहूंगी कि अंगूर नहीं मिलते तो लोग बोलते हैं अंगूर खट्टे हैं।”
उन्होंने आगे स्पष्ट किया, “ये शो बिल्कुल भी स्क्रिप्टेड नहीं है। लोगों की जिंदगी कभी स्क्रिप्टेड नहीं होती। हम सभी एक सिंपल बैकग्राउंड से आते हैं और अगर किसी की कहानी सुनकर मैं इमोशनल हो जाती हूं, तो ये नॉर्मल है।”
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया
नेहा के इस तंज के बाद ट्विटर और इंस्टाग्राम पर बहस छिड़ गई। कई यूजर्स ने नेहा के शब्दों को “अनावश्यक ताना” बताया और सुनिधि के पक्ष में आवाज उठाई, जबकि कुछ ने नेहा का समर्थन करते हुए कहा कि रियलिटी शोज में भावनाएं वास्तविक होती हैं और टीआरपी गिरने का कारण अन्य कारक हो सकते हैं।
फिलहाल, नेहा अपना नया शो ‘आई पॉपस्टार वॉल्यूम २’ लॉन्च करने की तैयारी में हैं, जहां वह आदित्य रिखारी और KING के साथ मेंटर की भूमिका में दिखाई देंगी।