91255 06666   |   Registration   |   Login

अनीत पड्डा की ‘हुंकार: द रोअर’ का ट्रेलर रिलीज

अनीत पड्डा की ‘हुंकार: द रोअर’ का ट्रेलर रिलीज

मुंबई। निर्मात्री आशी दुआ की नई ड्रामा सीरीज ‘हुंकार: द रोअर’ का ट्रेलर गुरुवार को मुंबई में जारी किया गया। इस मौके पर शो के मुख्य कलाकारों के साथ निर्माता और निर्देशक भी मौजूद रहे। बिरला स्टूडियोज और एप्लॉज़ एंटरटेनमेंट के निर्माण में बनी इस सीरीज को पर्पल पेबल पिक्चर्स और मांगटा फिल्म्स का सहयोग मिला है। शो की कार्यकारी निर्माता प्रियंका चोपड़ा जोनास हैं।
सीरीज की कहानी मीनू नाम की एक युवा लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने साथ हुई घटना के बाद चुप रहने से इनकार कर देती है। उसके सामने एक ऐसी ताकतवर व्यवस्था है, जो सच को अपने पक्ष में मोड़ने की पूरी कोशिश करती है। मीनू का किरदार पारंपरिक पीड़िता की छवि से अलग है। वह निडर, जटिल और अप्रत्याशित है, जिसके फैसले दर्शकों को सच, विश्वास और धारणाओं पर दोबारा विचार करने के लिए मजबूर करते हैं।
ट्रेलर में पुलिस जांच, अदालत की कार्यवाही और मीडिया ट्रायल के जरिए कहानी को आगे बढ़ाया गया है। हर पड़ाव पर सामने आने वाला नया सच कहानी को और पेचीदा बनाता है। सीरीज में अनीत पड्डा मीनू की भूमिका में नजर आएंगी। उनके साथ फातिमा सना शेख, मोहम्मद जीशान अय्यूब, अर्जुन माथुर, रघुबीर यादव और राम कपूर भी अहम भूमिकाओं में हैं।
‘हुंकार: द रोअर’ का निर्देशन करण डी कपाड़िया, नित्या मेहरा और हीराज मारफतिया ने किया है। करण डी कपाड़िया और नित्या मेहरा इसके क्रिएटर हैं।
प्रियंका चोपड़ा जोनास ने कहा कि वह ऐसी कहानियों का समर्थन करना चाहती हैं, जिनमें सामाजिक सरोकार के साथ निडर सोच भी हो। उन्होंने कहा कि उन्हें शो की पूरी टीम और नित्या मेहरा व करण डी कपाड़िया के दृष्टिकोण पर पूरा भरोसा है।
अनीत पड्डा के मुताबिक, मीनू के व्यक्तित्व को उसके साथ हुई घटना से नहीं, बल्कि उसके बाद चुने गए रास्ते से समझा जाना चाहिए। वहीं फातिमा सना शेख ने बताया कि उनका किरदार जसलीन प्रभावशाली लोगों, सार्वजनिक दबाव और उलझे हुए मामले के बीच सच की तलाश करता है।
जिओस्टार के हिंदी और अंग्रेजी मनोरंजन कारोबार के प्रमुख आलोक जैन ने कहा कि ईमानदारी से कही गई मानवीय कहानियां मनोरंजन से आगे बढ़कर सामाजिक बातचीत की शुरुआत करती हैं। एप्लॉज़ एंटरटेनमेंट के निर्माता दीपक सहगल ने ‘हुंकार: द रोअर’ को उस साहस की कहानी बताया, जो चुप रहने के दबाव के बावजूद अपनी आवाज उठाने के लिए जरूरी होता है।
यह सीरीज 25 सितंबर से केवल जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम की जाएगी।