ईशान खट्टर एक बार फिर अपनी मेहनत से चर्चा में हैं। द रॉयल्स के पहले सीजन में अविराज सिंह के किरदार में उनके शाही अंदाज, स्टाइल और स्क्रीन पर मौजूदगी ने दर्शकों का दिल जीत लिया था, खास तौर पर महिला दर्शकों के बीच वह काफी लोकप्रिय हुए थे। अब दूसरे सीजन के लिए अभिनेता ने तैयारी शुरू कर दी है।
ईशान ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपने वर्कआउट की कुछ ब्लैक-एंड-व्हाइट तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें उनकी पहले से कहीं ज्यादा गठी हुई और तराशी हुई फिजिक नजर आ रही है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा है - “ब्रिक. बाय. ब्रिक. अर्न्ड, नॉट गिवन।” यानी एक-एक ईंट जोड़कर बनाई हुई मेहनत, जो किस्मत से नहीं मेहनत से मिली है। यह कैप्शन उनके अनुशासन और काम के प्रति समर्पण को साफ तौर पर दिखाता है।
बताया जा रहा है कि पहले सीजन के लिए भी ईशान ने काफी तैयारी की थी, जिसमें वेट ट्रेनिंग और हॉर्स राइडिंग जैसी कड़ी ट्रेनिंग शामिल थी, ताकि वह राजकुमार अविराज के किरदार में पूरी तरह ढल सकें। अब सामने आई नई तस्वीरें इस बात का संकेत हैं कि वह दूसरे सीजन में इस किरदार को एक नए स्तर पर ले जाने वाले हैं।
यह ट्रांसफॉर्मेशन ईशान के अब तक के करियर ग्राफ से भी मेल खाता है। बियॉन्ड द क्लाउड्स, अ सूटेबल बॉय, द परफेक्ट कपल और द रॉयल्स जैसी फिल्मों और सीरीज से लेकर कार्टियर, जीक्यू और बॉस जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय फैशन ब्रांड्स के साथ जुड़ाव तक, उन्होंने खुद को एक ऐसे अभिनेता के तौर पर स्थापित किया है जिसकी पहचान सिर्फ बॉलीवुड तक सीमित नहीं है।
फिलहाल द रॉयल्स के दूसरे सीजन को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है और ईशान की यह तैयारी साफ बता रही है कि इस बार दर्शकों को अविराज का और भी ज्यादा दमदार, आकर्षक और रॉयल अवतार देखने को मिलेगा।