91255 06666   |   Registration   |   Login

जौहर विवाद:अनिरुद्धाचार्य बोले—त्याग,चरित्रवान ही समझ सकता है

जौहर विवाद:अनिरुद्धाचार्य बोले—त्याग,चरित्रवान ही समझ सकता है

अभिनेत्री स्वरा भास्कर के फिल्म 'पद्मावत' के जौहर सीन पर दिए गए बयान को लेकर छिड़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कथावाचक अनिरुद्धाचार्य और भाजपा विधायक-गायिका मैथिली ठाकुर ने स्वरा की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और उन्हें इतिहास व संस्कृति की समझ बनाने की सलाह दी है।
मीडिया से बातचीत में अनिरुद्धाचार्य ने कहा कि पद्मावती जैसी नारियां पवित्र थीं और उन्हें सती कहा जाता है क्योंकि उन्होंने अपने चरित्र की रक्षा के लिए प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि जीवन से अधिक मूल्यवान चीज़ व्यक्ति का चरित्र है, इसलिए जीवन चला जाए लेकिन चरित्र नहीं जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जौहर जैसी गहरी आस्था और त्याग की बात को केवल चरित्रवान व्यक्ति ही समझ सकता है।
विवाद बढ़ने के बाद स्वरा भास्कर ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को गलत और भ्रामक ढंग से पेश किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने रानी पद्मावती या जौहर करने वाली वीरांगनाओं को कहीं से भी 'कायर' नहीं कहा और न ही उनका अपमान किया है। स्वरा का कहना था कि उनकी आलोचना फिल्म के उस संदेश पर थी जो जौहर के चित्रण से रेप सर्वाइवर्स तक पहुंच सकता है।
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने स्वरा के बयान की आलोचना की है और कहा कि उन्होंने रानी पद्मावती का अपमान किया है। लोगों का गुस्सा इस बात पर भी है कि स्वरा ने रेप सर्वाइवर्स की बात को रानी पद्मावती के आत्मसम्मान की रक्षा के लिए किए गए जौहर से जोड़ दिया। इस विवाद ने एक बार फिर दिखा दिया कि ऐतिहासिक और संवेदनशील विषयों पर बयान देते समय कितनी सावधानी बरतने की जरूरत है।
बिहार की अलीनगर सीट से भाजपा विधायक और लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने स्वरा के बयान को 'बहुत ही भद्दी और बेकार बात' करार दिया। उन्होंने कहा कि जिस आत्मविश्वास के साथ स्वरा ने इतनी उल्टी बातें कही हैं, वह निराशाजनक है। मैथिली ने सलाह दी कि अगर किसी विषय की समझ नहीं है तो उस पर बोलने से पहले पूरी पढ़ाई-लिखाई कर लेनी चाहिए।