91255 06666   |   Registration   |   Login

अभिषेक पाठक और संदीप फ्रांसिस की 'स्विच ऑफ' को पेरिस एल'एट्रेंज फेस्टिवल में मिली जगह

अभिषेक पाठक और संदीप फ्रांसिस की 'स्विच ऑफ' को पेरिस एल'एट्रेंज फेस्टिवल में मिली जगह

निर्माता-निर्देशक अभिषेक पाठक और लेखक-निर्देशक संदीप फ्रांसिस के लिए गर्व का क्षण है। उनकी 11 मिनट की थ्रिलर शॉर्ट फिल्म 'स्विच ऑफ' को पेरिस के प्रतिष्ठित 32वें एल'एट्रेंज फेस्टिवल में आधिकारिक रूप से चयनित किया गया है। फेस्टिवल का आयोजन 1 से 12 सितंबर 2026 तक पेरिस के ऐतिहासिक फोरम डेस इमेजेज में होगा, जहां फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग रखी गई है।

इस चयन पर अभिषेक पाठक ने कहा, "एल'एट्रेंज फेस्टिवल पेरिस के लिए चुना जाना फिल्म और पूरी टीम के लिए एक अद्भुत सम्मान है। यह हमारे लिए बहुत ही खास पल है।"

'स्विच ऑफ' लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही है। इससे पहले फिल्म को दक्षिण कोरिया के प्रतिष्ठित बुकॉन इंटरनेशनल फैंटास्टिक फिल्म फेस्टिवल (BIFAN) में भी प्रदर्शित किया जा चुका है, जहां इसे दर्शकों और समीक्षकों की सराहना मिली थी।

फिल्म की कहानी में एक अनोखी अप्रत्याशितता है, जिसे लेकर पाठक पेरिस के दर्शकों की प्रतिक्रिया को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है दर्शक जिस तरह से कहानी कही गई है, उससे जुड़ेंगे। फिल्म बहुत तेजी से दर्शकों को अपनी दुनिया में ले जाती है और कहानी को लगातार आगे बढ़ाती है। जिस अप्रत्याशित तरीके से यह आगे बढ़ती है, वह फेस्टिवल ऑडियंस के लिए बिल्कुल सटीक बैठेगा।"

पाठक ने बॉक्स ऑफिस और फेस्टिवल की सफलता के अंतर को भी समझाया। उन्होंने कहा कि बॉक्स ऑफिस सफलता बड़े पैमाने का रोमांच देती है, जबकि फेस्टिवल चयन एक कहानी को बिल्कुल अलग माहौल में सफर करते देखने का संतोष देता है।

फिल्म से जुड़ने की वजह बताते हुए पाठक ने कहा कि संदीप के कहानी कहने के अंदाज ने उन्हें आकर्षित किया। पूरी फिल्म रात के समय घटती है, जिसकी शुरुआत कोच्चि की एक छोटी मोबाइल रिपेयर शॉप से होती है, जहां एक मैकेनिक अकेले काम कर रहा है। वहां से वह कोच्चि की खाली और सुनसान सड़कों पर अकेला निकल पड़ता है। किरदार को अलग-थलग रखकर और उसके इर्द-गिर्द दुनिया को धीरे-धीरे खाली दिखाकर संदीप ने एक रोमांचक और भावनात्मक अनुभव रचा है।