रिलीज के एक साल बाद भी बागी 4 हरनाज संधू के करियर में एक खास पड़ाव बना हुआ है, क्योंकि इसी फिल्म से पूर्व मिस यूनिवर्स ने बॉलीवुड में अपना पहला कदम रखा था। एक बड़े एक्शन फ्रेंचाइजी के साथ सिल्वर स्क्रीन पर उतरना अपने आप में बड़ी चुनौती था, जिसे हरनाज ने आत्मविश्वास और सहजता के साथ निभाया और दर्शकों का प्यार बटोरा।
इस डेब्यू को खास बनाता है फिल्म में उनका डबल रोल। हरनाज ने अवंतिका और अलिशा के रूप में दो अलग किरदार निभाए, जिसमें दो अलग शेड्स, दो अलग भावनाएं और दो अलग अंदाज थे। एक तरफ इमोशनल ड्रामा की गहराई तो दूसरी तरफ हाई-ऑक्टेन एक्शन की दुनिया, दोनों को उन्होंने संतुलित तरीके से पर्दे पर पेश किया। यही वजह है कि दर्शकों ने उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और अभिनय की रेंज को सराहा।
पेजेंट्री से सिनेमा तक का उनका सफर प्रेरणादायक रहा है। चंडीगढ़ की रहने वाली हरनाज ने पहले LIVA मिस दिवा 2021 का खिताब जीता, फिर मिस यूनिवर्स 2021 बनकर 21 साल बाद भारत को यह ताज दिलाया। पंजाबी फिल्मों में छोटी शुरुआत के बाद साजिद नाडियाडवाला के बैनर तले बनी और ए हर्षा द्वारा निर्देशित बागी 4, जिसमें टाइगर श्रॉफ, संजय दत्त और सोनम बाजवा जैसे सितारे थे, उनके लिए बड़े पर्दे की पहली पाठशाला बनी।
इस फिल्म ने उन्हें बड़े कमर्शियल सेटअप का अनुभव दिया, डांस, एक्शन और इमोशनल सीक्वेंस के बीच खुद को तराशने का मौका दिया। एक साल बाद बागी 4 सिर्फ एक फ्रेंचाइजी फिल्म नहीं, बल्कि हरनाज संधू के नए अध्याय की शुरुआत के तौर पर याद की जा रही है, जिसने साबित किया कि वह सौंदर्य मंच से आगे सिनेमा में भी लंबी पारी के लिए तैयार हैं।