91255 06666   |   Registration   |   Login

एलवीएमएच प्राइज में प्रियंका चोपड़ा का जलवा

एलवीएमएच प्राइज में प्रियंका चोपड़ा का जलवा

पेरिस में फैशन की दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित समारोहों में से एक एलवीएमएच प्राइज 2026 के फिनाले के लिए तैयारियां तेज हैं, और इस बार भारत की ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा जोनस सेंटर स्टेज पर होंगी।

एलवीएमएच प्राइज के आधिकारिक इंस्टाग्राम पर घोषणा की गई है कि प्रियंका इस वर्ष का प्रतिष्ठित कार्ल लेगरफेल्ड प्राइज प्रदान करेंगी। इस भूमिका में उनके साथ हॉलीवुड स्टार जेनिफर लॉरेंस और थाई अभिनेत्री उरासाया स्पेरबंड उर्फ याया भी प्रेजेंटर्स के तौर पर शामिल होंगी।

आयोजन फोंडेशन लुई विटॉन, पेरिस में होगा। डियोर की ब्रांड एंबेसडर प्रियंका और जेनिफर लॉरेंस के साथ लुई विटॉन की फेस याया इस शाम को और भी स्टार-स्टडेड बनाएंगी।

प्रियंका जिस पुरस्कार को प्रदान करेंगी, उसमें विजेता को दो लाख यूरो की ग्रांट और एक साल की विशेष मेंटरशिप मिलेगी, जिसमें सस्टेनेबिलिटी, कम्युनिकेशन, मार्केटिंग, मैन्युफैक्चरिंग और फाइनेंशियल मैनेजमेंट शामिल है। वहीं जेनिफर लॉरेंस चार लाख यूरो का ग्रैंड प्राइज देंगी और याया सवोइर फेयर प्राइज की प्रस्तोता होंगी।

इस साल नौ उभरते डिजाइनर्स फाइनल में पहुंचे हैं - जूली केगल्स, पेट्रा फागरस्ट्रॉम, डे पिनो, पोंटे, द वैली, इंस्टीट्यूशन, लाई, कॉलीन एलेन और योशिता 1967। विजेताओं का चयन फैशन इंडस्ट्री की जानी-मानी ज्यूरी करेगी, जिसमें सेलीन के माइकल राइडर, लोएवे के जैक मैकुलो और लाजारो हर्नांडेज, पुची की कैमिली मिसेली और लुई विटॉन व एलवीएमएच फैशन ग्रुप के चेयरमैन पीट्रो बेक्कारी शामिल हैं।

डियोर एंबेसडर के तौर पर प्रियंका का पेरिस हाउते कॉउचर से लेकर ग्लोबल लग्जरी इवेंट्स तक दबदबा लगातार बढ़ा है। एलवीएमएच प्राइज में उनकी मौजूदगी न सिर्फ भारतीय प्रतिनिधित्व को वैश्विक मंच पर मजबूत करती है, बल्कि फैशन के भविष्य को सेलिब्रेट करने वाले इस समारोह को और बड़ा बनाती है।