बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट की बहुप्रतीक्षित सीरीज हुंकार - द रोर का दमदार टीजर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। करण डी. कपाड़िया, नित्या मेहरा और हीराज मारफतिया द्वारा निर्देशित इस ग्रिट्टी ड्रामा ने अपने पहले झलक में ही बॉलीवुड का ध्यान खींच लिया है और इंडस्ट्री के बड़े सितारे खुलकर इसकी तारीफ कर रहे हैं।
टीजर में अपराध, न्याय और एक हाई-वोल्टेज जांच की कहानी दिखाई गई है, जो एक राष्ट्रीय आत्ममंथन बन जाती है। कहानी 17 साल की मीनू रावत के इर्द-गिर्द घूमती है, जो ताकतवर लोगों के अंधेरे साम्राज्य पर सवाल उठाती है। जब एक सवाल सत्ता के सच को उजागर करता है, तो सिस्टम को सच का सामना करना पड़ता है, यही हुंकार का मूल है।
टीजर को देखकर रणवीर सिंह ने उत्साह में लिखा, "BANGGGGGG!!! LFG! Directed by @kkapadias. Looks Slamming Bro!" दीपिका पादुकोण ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर टीजर साझा कर समर्थन दिया। अर्जुन कपूर ने कहा, "This one looks solid! Wishing the entire team of #Hunkkaar the best!" सिद्धार्थ, जोया अख्तर और अहान पांडे ने भी टीम को बधाई दी। जोया ने लिखा, "So Good! Can't wait."
सीरीज में फातिमा सना शेख, अनीत पड्डा, रघुवीर यादव, अर्जुन माथुर, मोहम्मद जीशान अय्यूब और राम कपूर जैसे दमदार कलाकार हैं। पर्पल पेबल पिक्चर्स के सहयोग से बनी यह सीरीज बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज के लिए एक और संभावित विजेता मानी जा रही है। हुंकार - द रोर 25 सितंबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।