मुंबई। अलराइट टीवी के चर्चित शो 'दिल से दीवानगी तक' में जाहान के किरदार में नजर आ रहे अभिनेता ज़ान खान इन दिनों अपनी नई भूमिका को लेकर काफी चर्चा में हैं। ज़ान का कहना है कि जाहान उनके अब तक निभाए गए सभी किरदारों से बिल्कुल अलग है, जिसमें कई परतें हैं और दर्शक आसानी से उसका अंदाजा नहीं लगा सकते।
शो को चुनने की वजह पर ज़ान बताते हैं, "मुझे रस्क मीडिया की टीम से कॉल आया था। उन्होंने बताया कि शो के दो सीजन पूरे हो चुके हैं और अब तीसरा सीजन आ रहा है। प्रोड्यूसर ने मुझे जाहान के किरदार के बारे में बताया तो मुझे कहानी बहुत पसंद आई और मैंने हां कर दी।"
शो की कहानी दो भाइयों और उनकी जिंदगी में आने वाली एक लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने साथ प्यार, टकराव और कई अनपेक्षित मोड़ लेकर आती है। ज़ान के मुताबिक रिश्तों, ड्रामा और दमदार किरदारों का यही संगम शो को खास बनाता है।
अपने किरदार के बारे में वह कहते हैं, "जाहान बहुत अनप्रेडिक्टेबल है। मैंने ऐसा किरदार पहले कभी नहीं किया। वह शाही भी है और बेरहम भी। मुझे इस तरह का ग्रे शेड निभाने में बहुत मजा आ रहा है।"
ज़ान वर्टिकल फॉर्मेट को इस शो की सबसे बड़ी ताकत मानते हैं। उनका कहना है कि टीम ने इसे सिर्फ शॉर्ट-फॉर्म कंटेंट नहीं, बल्कि एक वेब शो की तरह ट्रीट किया है। "आज हर कोई फोन पर कंटेंट देख रहा है। मेरे पिता भी फोन पर ही शोज देखते हैं। हम दिनभर बिजी रहते हैं, सफर में हो या कहीं और, फोन हमेशा साथ है, इसलिए वर्टिकल फॉर्मेट का भविष्य बहुत उज्ज्वल है," उन्होंने कहा।
सह-कलाकारों विशाल आदित्य सिंह और प्रतीक सहजपाल के साथ अपने अनुभव को उन्होंने बेहद सकारात्मक बताया। ज़ान का मानना है कि सम्मान दोगे तो सम्मान मिलेगा। फिलहाल वह दर्शकों की प्रतिक्रिया को लेकर उत्साहित हैं और कहते हैं कि आगे कई सरप्राइज आने बाकी हैं।