91255 06666   |   Registration   |   Login

गैंग्स ऑफ गोरखपुर में सोनल मिश्रा के किरदार से दर्शकों के दिल में उतरेंगी श्रुति शर्मा

गैंग्स ऑफ गोरखपुर में सोनल मिश्रा के किरदार से दर्शकों के दिल में उतरेंगी श्रुति शर्मा

अभिनेत्री श्रुति शर्मा जल्द ही अलराइट टीवी की वेब सीरीज 'गैंग्स ऑफ गोरखपुर' में सोनल मिश्रा के दमदार किरदार में नजर आएंगी। 1990 के दशक के गोरखपुर की पृष्ठभूमि पर बनी यह सीरीज दोस्ती, प्यार, महत्वाकांक्षा और हालातों के कारण इंसान के बदलने की कच्ची और रॉ कहानी को दिखाती है। श्रुति इस शो में एक साधारण लेकिन बेहद मजबूत लड़की का किरदार निभा रही हैं।

श्रुति बताती हैं कि उन्हें रस्क मीडिया की ओर से कॉल आया था। कहानी पढ़ते ही उन्होंने हां कर दी। उनके अनुसार कहानी जितनी मजबूत होगी, किरदार भी उतना ही दमदार बनता है। सोनल का किरदार उनके अब तक निभाए किरदारों से बिल्कुल अलग है, यही वजह थी कि उन्होंने यह शो चुना।

सीरीज में सोनल 20-21 साल की गोरखपुर की बेबाक और मुंहफट लड़की है, जो राघव चतुर्वेदी से बेइंतहा प्यार करती है। वह हर मुश्किल में उसकी ढाल बनकर खड़ी रहती है। श्रुति कहती हैं, "सोनल प्यार में पागल है, जिद्दी है और अपने प्यार के लिए कुछ भी कर सकती है। ऐसी लड़कियां पर्दे पर कम ही दिखती हैं।"

शो की पूरी शूटिंग 16-17 दिनों में लखनऊ में हुई है, जहां 90 के दशक के गोरखपुर को रीक्रिएट किया गया। श्रुति खुद को अंतर्मुखी बताती हैं, लेकिन सोनल उनसे चार गुना ज्यादा बोल्ड है। इस किरदार के लिए उन्होंने अपने अंदर के बिंदास अंदाज को बाहर निकाला।

सह-कलाकार नमीश तनेजा के साथ काम करने को उन्होंने मजेदार बताया। इमोशनल सीन में नमीश ने उन्हें पूरा स्पेस दिया। श्रुति के अनुसार शो का सबसे बड़ा संदेश है कि कोई पैदाइशी विलेन नहीं होता, समाज और परिस्थितियां उसे वैसा बनाती हैं, लेकिन गलत रास्ता फिर भी गलत ही है।