91255 06666   |   Registration   |   Login

चॉकलेट बॉय की छवि तोड़कर 'गैंग्स ऑफ गोरखपुर' में दमदार अवतार में लौटे नमिश तनेजा

चॉकलेट बॉय की छवि तोड़कर 'गैंग्स ऑफ गोरखपुर' में दमदार अवतार में लौटे नमिश तनेजा

टेलीविजन पर पिछले 10-12 सालों से चॉकलेट बॉय और रोमांटिक किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता नमिश तनेजा अब एक बिल्कुल अलग अंदाज में दर्शकों के सामने आए हैं। ऑलराइट टीवी की सीरीज 'गैंग्स ऑफ गोरखपुर' में वह राघव चतुर्वेदी का किरदार निभा रहे हैं, जो आईएएस बनने का सपना देखता है। नमिश कहते हैं कि यह शो उनके लिए अभिनेता के तौर पर खुद को साबित करने का मौका है।

नमिश ने बताया कि इस किरदार के लिए उन्होंने देसी अंदाज में ऑडिशन दिया था। दिल्ली से होने के कारण यह टोन उन्हें स्वाभाविक लगी और मेकर्स को उनका ऑडिशन पसंद आ गया। वर्षों तक डेली सोप करने के बाद वह ऐसा प्रोजेक्ट चाहते थे जहां खुलकर परफॉर्म कर सकें। 

उन्होंने कहा, "डेली शो में कई सीमाएं होती हैं, कई चीजें हम खुलकर नहीं कर सकते। मैं ऐसी एक्टिंग करना चाहता था जहां किरदार को सिचुएशन के हिसाब से खुलकर जी सकूं। इस शो ने मुझे वो आजादी दी है। मैंने खुद को जानबूझकर मुश्किल सिचुएशन में डाला और कई बार मैं खुद हैरान रह गया कि मैं ऐसा भी कर सकता हूं।"

इस सीरीज की सबसे बड़ी ताकत इसकी राइटिंग को बताते हुए नमिश ने कहा कि यह आम वर्टिकल शोज की तरह नहीं है। हर किरदार का अपना मकसद और अपनी कहानी है। कहानी एक सच्चे व्यक्ति से प्रेरित है, जिससे जुड़े लोगों ने उन्हें फोटो भी दिखाए।

लखनऊ में शूटिंग के अनुभव को याद करते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकारों, वहां की संस्कृति और खाने ने शूटिंग को यादगार बना दिया, खाने के कारण उनका पांच-छह किलो वजन भी बढ़ गया। को-स्टार श्रुति की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी एनर्जी ने उन्हें बेहतर करने के लिए प्रेरित किया, वहीं डायरेक्टर अजय सर से उन्होंने सेट पर शांत रहना सीखा।