91255 06666   |   Registration   |   Login

अनुभव से ही किरदार में आती है गहराई: अंकुर भारद्वाज

अनुभव से ही किरदार में आती है गहराई: अंकुर भारद्वाज

इन दिनों सीरियल 'मन सुंदर' में नजर आ रहे अभिनेता अंकुर भारद्वाज का मानना है कि एक अभिनेता के लिए जीवन का अनुभव सबसे बड़ा गुरु होता है। अभिनय के प्रति पूरी तरह समर्पित अंकुर शूटिंग के बाद अपना समय दोस्तों, फिटनेस और खुद के साथ बिताना पसंद करते हैं।

एक बातचीत में अंकुर ने बताया, "जब मैं काम नहीं कर रहा होता, तो मुझे दोस्तों के साथ समय बिताना, वर्कआउट करना या बस घर पर आराम करना पसंद है। कभी-कभी मैं अकेले रहकर खुद की कंपनी को भी एंजॉय करता हूं।"

अभिनय के अलावा उन्हें गाना और नाचना भी पसंद है, हालांकि वह इसे शौक तक ही सीमित रखते हैं। उन्होंने कहा, "अभिनय के अलावा मैं कुछ खास नहीं करता, बस कभी-कभी गा लेता हूं और डांस कर लेता हूं।"

अंकुर का सपना न्यूयॉर्क शहर से जुड़ा है। वह न सिर्फ वहां घूमना चाहते हैं, बल्कि भविष्य में वहीं बसने की ख्वाहिश भी रखते हैं। इसके पीछे उनकी सोच एक कलाकार वाली है। उनका कहना है, "ट्रैवल आपको बहुत सारे अनुभव देता है और एक एक्टर के लिए यह बहुत जरूरी है क्योंकि इससे आपकी ऑब्जर्वेशन पावर मजबूत होती है। आप जीवन को जितना ज्यादा अनुभव करेंगे, अपने किरदारों में उतनी ही ज्यादा गहराई ला पाएंगे।"

भविष्य की योजनाओं पर अंकुर ने स्पष्ट किया कि उनका प्राइम फोकस हमेशा अभिनय ही रहेगा, लेकिन वह फिल्म मेकिंग के दूसरे पहलुओं को भी समझना चाहते हैं। "मेरा मुख्य फोकस अभिनय ही है, लेकिन मैं निर्देशन और प्रोडक्शन को भी एक्सप्लोर करना चाहूंगा। फिल्म निर्माण के दूसरे पहलुओं को समझना बहुत रोमांचक होगा।"

वर्क-लाइफ बैलेंस पर उन्होंने कहा कि काम के समय पूरी शिद्दत से काम और छुट्टी के समय परिवार, दोस्तों, फिटनेस और खुद को समय देना ही उनके लिए संतुलन है।